![]()
हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर ‘भारतीय किसान एकता’ (बीकेई) ने आज रविवार को रोड़ी और कालांवाली अनाज मंडी में एकत्रित होकर रोष प्रदर्शन किया और किसानों द्वारा हरियाणा सरकार के पुतला को फूंका गया। धान खरीद में देरी और लिमिट हटाने, फसल कटाई के लिए कंबाइन का समय तय करने को तुरंत रद्द किया जाए। बीकेई के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने बताया कि राज्य की अनाज मंडियों में धान खरीद में देरी हो रही है। साथ ही, जिलेवार लगाई गई खरीद लिमिट (कैपिंग) और फसल पंजीकरण-वेरिफिकेशन की मुश्किल प्रक्रियाओं से किसान परेशान हैं। सरकार के इन्हीं किसान विरोधी फैसलों के खिलाफ आज पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन हुए और पुतले फूंके गए। ‘सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई’ 21 से 27 सितंबर तक खोले गए पोर्टल पर जिन किसानों ने आवेदन किए हैं, उनका पंजीकरण और वेरिफिकेशन तुरंत प्रभाव से पूरा किया जाए, ताकि वे अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेच सकें। रोड़ी मंडी में 27 सितंबर से किसान भूपेंद्र सिंह (8 एकड़), जरनैल सिंह (14 एकड़), जंटा सिंह (11 एकड़) और सेवा सिंह (5 एकड़) सहित लगभग 2300 क्विंटल धान पड़ी है। 12 प्रतिशत से 15 प्रतिशत नमी होने के बावजूद अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है, जिससे फसलों के चोरी होने का खतरा बना हुआ है। ‘शर्तें वापस नहीं ली तो करना पड़ेगा आंदोलन’ लखविंदर सिंह औलख और गुरप्रीत सिंह जैलदार ने चेतावनी देते हुए कि यदि सरकार ने ये किसान विरोधी फैसले और शर्तें तुरंत वापस नहीं लीं तो किसान और मजदूर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। सोमवार तक खरीद होगी शुरू : डीएमई इन मांगों पर डीएमई राहुल कुंडू ने आश्वासन दिया कि राइस मिलरों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सोमवार से खरीद शुरू कर दी जाएगी। किसानों ने मांग रखी है कि सभी मंडियों और फोकल पॉइंटों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएं। जिन पर फसल खरीद खर्च और मजदूरी अंकित हो, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। प्रदर्शन में ये शामिल रहे यह प्रदर्शन बीकेई नेता गुरप्रीत सिंह जैलदार की अध्यक्षता में किसानों और मजदूरों ने मिलकर किया। इस मौके पर किसान नेता गुरविंदर सिंह, मुख्तियार सिंह, कुलवंत सिंह, मेजर सिंह, इकबाल सिंह, दिलप्रीत सिंह, भोला सिंह, कुलदीप चौधरी, दलजीत चहल, गुलाब सिंह, काला सिंह, राजू, करण, जगतार और विक्रम सहित बड़ी संख्या में किसान व मजदूर मौजूद रहे।
Source link
धान खरीद शुरू न होने पर किसान सड़कों पर:सिरसा की मंडियों में पुतले फूंके, बोले-शर्तें वापस लो, फसल पंजीकरण-वेरिफिकेशन समस्या दूर करे
