![]()
शिमला जिले के रामपुर स्थित गानवी-2 पावर हाउस के जलाशय क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नांती खड्ड का स्पिलवे चैनल क्षतिग्रस्त हो गया है। इस घटना के बाद, एसडीएम रामपुर ने क्षेत्रवासियों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। यह क्षतिग्रस्त स्थल मंगलू बाजार के पास है, जहां जलाशय के समीप बना एक पुल भी प्रभावित हुआ है। लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण क्षेत्र की खड्डों और नालों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। तेज बहाव के कारण परियोजना क्षेत्र में बनी संरचनाओं पर दबाव पड़ा, जिससे स्पिलवे चैनल को क्षति पहुंची। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। विभागों ने क्षतिग्रस्त स्थल का किया निरीक्षण परियोजना प्रबंधन और संबंधित विभागों ने क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। तकनीकी टीम जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू करेगी और आवश्यक सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगी। गानवी खड्ड में बढ़े जलस्तर के कारण परियोजना के बुनियादी ढांचे को खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील इस बीच, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, खड्डों और परियोजना क्षेत्र के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया। उन्होंने मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी।
Source link
रामपुर में बारिश से गानवी-2 पावरहाउस का जलाशय क्षतिग्रस्त:खड्डों और नालों में जलस्तर बढ़ा; एसडीएम बोले-नदियों से दूर रहें लोग
