Headlines

रामपुर में विकास कार्यों की समीक्षा:विधायक ने सड़कों, शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति जानीं, कहा- जनहित के प्रोजेक्ट में देरी बर्दाश्त नहीं




रामपुर के पंचायत समिति सभागार में मंगलवार दोपहर एक बजे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रामपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर गहनता से चर्चा की गई। बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। बैठक के दौरान विधायक नंद लाल ने विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों से चल रही विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली। बैठक में देलठ-नागाधार व जबला-खलेड़ा सड़क निर्माण कार्य, ननखड़ी महाविद्यालय भवन, सफेद ढांक तथा खोपड़ी क्षेत्र में रॉकफॉल से सुरक्षा प्रबंध, नेशनल हाईवे (NH-5) पर साइन बोर्ड व सड़क संकेतक लगाने, नए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने और स्मार्ट मीटर स्थापित करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही ननखड़ी बस अड्डे के निर्माण, आईटीआई खड़ाहण के समीप पैदल पुल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंगल बाल्टी के भवन निर्माण तथा आयुर्वेदिक अस्पताल कुंगल बाल्टी में खाली पड़े पदों को भरने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नगर परिषद की समस्याओं और विधायक-सांसद निधि के कार्यों की समीक्षा समीक्षा बैठक में महात्मा गांधी सेवा चिकित्सालय खनेरी में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के संचालन, नगर परिषद रामपुर में पार्किंग स्थल निर्माण, वार्ड नंबर दो में स्ट्रीट लाइट लगाने व पैदल रास्तों के सुधार कार्य, किन्नू पंचायत में नाले के सौंदर्यीकरण, दत्तनगर स्थित सीए (CA) स्टोर और गानवी में सब-तहसील खोलने संबंधी प्रक्रियाओं का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त विधायक तथा सांसद निधि से मंजूर किए गए विकास कार्यों की स्थिति पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। नगर परिषद क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बंदरों के आतंक और उससे निपटने के उपायों पर भी चर्चा की गई। प्रशासनिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता से निपटाएं अधिकारी: नंद लाल विधायक नंद लाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस (वन स्वीकृति), बजट या अन्य प्रशासनिक कागजी औपचारिकताओं के कारण जो मामले अटके हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी योजनाएं समय पर धरातल पर दिखनी चाहिए। प्रशासन ने दिया समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन बैठक में मौजूद एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने विधायक नंद लाल को भरोसा दिलाया कि समीक्षा बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का विभिन्न विभागीय अधिकारियों के माध्यम से तय समयसीमा के भीतर सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर डीएसपी नरेश शर्मा, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ननखरी मनोज कुमार, तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार, एसएमएस बागवानी संजय कुमार चौहान और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित विभिन्‍न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *