![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के छाल रेंज में 40 हाथियों के दल से एक शावक बिछड़ गया। जिसका वन विभाग ने रेस्क्यू कर रात में उसे उसके दल से मिला दिया, पर सुबह एक शावक का शव खेत में मिला है। ऐसे में अब विभाग के द्वारा उस मृत शावक की पुष्टि की जा रही है कि यह वही बिछड़ा शावक है या और कोई शावक है। जिसकी प्रक्रिया में विभाग के अधिकारी जूट गए हैं। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 40 हाथियों के दल से एक शावक बिछड़ गया। रिलो गांव में रात के समय हाथियों का दल खेतों की तरफ पहुंचा था और बाद में ग्रामीणों ने देखा कि एक नन्हा शावक अपने दल से अलग होकर खेत में ही छूट गया। जिसके बाद मामले की जानकारी वन अमला को दी गई। ऐसे में विभागीय अधिकारी व हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। जहां रात भर उस पर निगरानी की गई है कि दल आकर उसे ले जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में शावक को रेंज कार्यालय लाया गया और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे दूध व नारियल पानी पर्याप्त मात्रा में दिया गया। इसके बाद दल से मिलाने के लिए विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रात में सुरक्षित ढंग से दल से मिलाया
काफी प्रयास के बाद रात में थर्मल ड्रोन से उसके दल कर पता किया गया और रात तकरीबन 1 बजे विभागीय अमला ने शावक को दल से कुछ दूरी पर सुरक्षित ढंग से छोड़ा और निगरानी करने लगे। कुछ देर बाद हाथियों का दल उस स्थान तक पहुंचा, जहां शावक को छोड़ा गया था। तब उनके काफी चिंघाड़ने की आवाजे आने लगी और दल से शावक को मिला दिया गया। दल में शामिल होकर शावक भी आगे बढ़ गया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि अब शावक सुरक्षित अपनी मां के पास रहेगा।
खेत के कीचड़ में मिला शावक का शव
मंगलवार की सुबह उस स्थान से तकरीबन 4-5 किमी दूर सारसमार गांव के तीहीली खार नमक खेत में एक हाथी शावक का शव मिला है। जिसकी सूचना वन अमला को मिलते ही तत्काल विभाग के अधिकारी व वन अमला मौके पर पहुंचे। खेत में काफी पानी और कीचड़ होने के कारण मृत शावक को बाहर निकालने की कोषिष की जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह वही शावक है, जिसे दल से मिलाया गया था।
डॉक्टर परीक्षण के बाद होगी पुष्टि
इस संबंध में धरमजयगढ़ DFO सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सुबह से लेकर देर रात तक प्रयास किया गया और शावक को उसके दल से मिला दिया गया था। सुबह खेत के कीचड़ में एक शावक का शव है, जिसे बाहर निकलवाया जा रहा है। जिसके बाद शावक के कल के वीडियो देखने व डॉक्टर परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह वही शावक है या फिर दूसरा। मौत के कारणों का खुलासा भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा। फिलहाल आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Source link
रायगढ़ में दल से बिछड़े हाथी-शावक को झुंड से मिलाया:वन विभाग ने देर रात तक चलाया रेस्क्यू, सुबह एक शावक का खेत में मिला शव
