रायगढ़ में हाथियों ने मकान-फसल नुकसान किया:रात के अंधेरे में गांव तक पहुंचे, धरमजयगढ़ में 106 हाथियों की मौजूदगी




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथी रात के अंधेरे में बस्ती तक पहुंच रहे हैं। जहां बीती रात अलग-अलग रेंज में हाथियों ने धान फसल को बर्बाद करने के साथ ही कच्चा मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही पंप पाइप को भी तोड़ दिया। सुबह नुकसान के आंकलन में विभाग के कर्मचारी जूट गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ रेंज के गेरसा सागरपुर में जंगल से निकलकर करीब 18 हाथियों का झुंड बस्ती के करीब आ गया। जहां हाथियों ने गांव के बिरेंद्र, संजीत, पुरसून, लक्ष्मी, रामरा के धान फसल को नुकसान करने के साथ ही पंप पाइप को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी लगी, तो उन्हें खदेड़ने की कोशिश की गई, लेकिन काफी देर तक वे डटे रहे। वहीं गेरसा में एक हाथी ने बारिश राम के फसल और नरकालो गांव में दलबीर सिंह व दिलीप सिंह के धान फसल को बर्बाद कर दिया। इसके अलावा कापू रेंज के सोनाजोरी में जोसेफ टोप्पो के मकान को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही सायकिल, बाउंड्रीवाल और धान को नुकसान किया।
धरमजयगढ़ के जंगल में 106 हाथी मौजूद
धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में 106 हाथियों की मौजूदगी है। जहां सबसे अधिक हाथी धरमजयगढ़ रेंज के गेरसा में 18, बोरो रेंज के खम्हार उत्तर में 16, कापू के कमरई बीट में 16 हाथियों का झुंड है। इसके अलावा छाल, धरमजयगढ़, कापू, बोरो और बाकारूमा रेंज के अलग-अलग बीट में 1-2 की संख्या में विचरण कर रहे हैं। इसमें 36 नर, 47 मादा और 23 शावक शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *