इंटरव्यू के लिए जा रहे युवक की एक्सीडेंट में मौत:हांसी में बाइक-स्कूटी में हुई टक्कर, डिग्री कॉलेज में बीए का स्टूडेंट था




हांसी में बरवाला मार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक हांसी के इंदिरा कॉलोनी का निवासी था और नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहा था। मृतक की पहचान हांसी की इंदिरा कॉलोनी निवासी रजत (25) के रूप में हुई है। वह हांसी के राजकीय महाविद्यालय में बीए का छात्र था और अविवाहित था। परिजनों के अनुसार, रजत शुक्रवार सुबह बाइक पर हांसी से बरवाला में नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहा था। गांव भाटला के निकट एक पेट्रोल पंप के सामने उसकी बाइक भाटला की तरफ से आ रही एक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर गिर गए, रजत गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आसपास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के तुरंत बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सभी की मदद से घायलों को हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रजत को मृत घोषित कर दिया। दूसरे दोपहिया वाहन चालक के भी घायल होने की सूचना है। रजत की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन सामान्य अस्पताल पहुंचे। रजत के पिता सीताराम हांसी के बडसी गेट पर कांजी बड़े की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इंदिरा कॉलोनी से भी बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलने पर भाटला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाद में सामान्य अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई बनी सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा बयानों और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *