![]()
रीवा में एटीएम कार्ड फंसाकर मदद के बहाने लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बिछिया पुलिस ने इस मामले में बिहार और झारखंड से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 24 अगस्त को एसएएफ चौराहा स्थित एसबीआई एटीएम में महिला का कार्ड फंसने के बाद उसके खाते से 5.40 लाख रुपए निकाल लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपए, लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन, पीओएस मशीन, 3 सिम और 30 फोन-पे स्कैनर बरामद किए हैं। ऐसे बनाया ठगी का शिकार
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त की सुबह 8.41 से 8.52 बजे के बीच मुकेश मिश्रा अपनी पत्नी कल्पना त्रिपाठी का एटीएम कार्ड लेकर एसएएफ चौराहा स्थित एसबीआई एटीएम पहुंचे थे। कल्पना टीआरएस कॉलेज में शिक्षिका हैं और उनका खाता केनरा बैंक में है। मुकेश ने एटीएम में कार्ड लगाया और पिन नंबर दर्ज किया। इसके बाद स्क्रीन पर कैश डिस्पेंस का मैसेज आया, लेकिन कार्ड मशीन के अंदर ही फंस गया। वह कार्ड निकालने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान एटीएम के अंदर और बाहर मौजूद लोगों में से एक ने उन्हें बताया कि कार्ड फंस गया है और गार्ड या बैंक की मदद लेने की बात कही। एटीएम पर गार्ड नहीं था। मुकेश अपना मोबाइल लेने के लिए कमरे की तरफ चले गए। इसी दौरान उनकी पत्नी का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते से लगातार रकम कटने के मैसेज आ रहे हैं। इसके बाद बैंक मैनेजर और साइबर हेल्पलाइन को सूचना दी गई। अलग-अलग ट्रांजेक्शन से निकाले रुपए
शिकायत के बाद बिछिया पुलिस ने बैंक खाते की डिटेल और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि महिला के खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5.40 लाख रुपए निकाले गए हैं। साइबर सेल ने आरोपियों के मोबाइल नंबर और टावर लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम बिहार और झारखंड पहुंची और दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बिहार-झारखंड से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक कुमार गुप्ता निवासी गया, इमरान अंसारी निवासी गया, कार्यानंद सरस्वती निवासी गया, मोहम्मद फैज अंसारी निवासी कोडरमा और अभिमन्यु कुमार वर्मा निवासी कोडरमा, झारखंड शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उन्हें केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया। 4 लाख रुपए समेत यह सामान मिला
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपए, 1 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन, 1 पीओएस मशीन, 3 सिम और 30 फोन-पे स्कैनर बरामद किए हैं।
Source link
रीवा में महिला के खाते से 5.40 लाख रुपए निकाले:एटीएम में कार्ड फंसाया, मदद के बहाने पिन देखा ; बिहार-झारखंड के 5 आरोपी गिरफ्तार
