![]()
इंदौर में भूजल स्तर बढ़ाने के लिए नगर निगम ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लागू करने को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। अब मकान मालिकों के साथ-साथ भवनों के नक्शे तैयार करने वाले आर्किटेक्ट, स्ट्रक्चर इंजीनियर, इंजीनियर और कंसल्टेंट को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पिछले तीन साल में स्वीकृत करीब 20 हजार भवन नक्शों से जुड़े 350 आर्किटेक्ट, स्ट्रक्चर इंजीनियर, इंजीनियर और कंसल्टेंट को नोटिस भेजे गए हैं। उन्हें सात दिन में जांच रिपोर्ट और मौके की तस्वीरें निगम में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में रिपोर्ट और फोटो जमा नहीं करने पर संबंधितों का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक, अब तक 6 हजार 545 भवनों से रेन वाटर हार्वेस्टिंग शुल्क के रूप में 6 करोड़ 42 लाख रुपए वसूले जा चुके हैं। इसके अलावा निगम करीब 87 हजार भवन मालिकों को भी नोटिस जारी कर चुका है। बिल्डिंग परमिशन शाखा के बिल्डिंग अफसर सत्येंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि निगम में 650 आर्किटेक्ट, स्ट्रक्चर इंजीनियर, इंजीनियर और कंसल्टेंट पंजीकृत हैं। इनमें से करीब 350 को नोटिस जारी किए गए हैं। निगम का उद्देश्य भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित कर भूजल स्तर को बढ़ाना है।
Source link
रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर इंदौर निगम सख्त:350 आर्किटेक्ट-इंजीनियरों को नोटिस, 7 दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट
