![]()
मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में आज बात देवास के एक ऐसे आश्रम की। इस आश्रम को उन महिलाओं और लड़कियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बताया जाता था, जिनकी जिंदगी पहले ही कई मुश्किलों से गुजर चुकी थी। चहारदीवारी के भीतर उन्हें सुरक्षा, सहारा और एक नई जिंदगी देने का दावा किया जाता था। लेकिन 6 नवंबर 2020 को इसी आश्रम से जुड़ी एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सवाल खड़े कर दिए। एक गर्भवती युवती को दो महिलाएं जिला अस्पताल में छोड़कर चली गईं। युवती न बोल सकती थी, न सामान्य तरीके से अपनी बात बता सकती थी। अगले दिन उसने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची स्वस्थ थी, लेकिन डॉक्टरों के सामने बड़ा सवाल था-आखिर यह युवती कौन है? उसे अस्पताल कौन छोड़कर गया? वह कहां रहती थी और उसके साथ क्या हुआ था? जवाब ढूंढने की कोशिश शुरू हुई तो जांच की कड़ियां देवास के एक आश्रम तक जा पहुंचीं। और यहीं से शुरू हुई उस आश्रम की कहानी, जिसे जानकर सब हैरान रह गए। पूरी कहानी सिलसिलेवार पढ़िए… 6 नवंबर 2020 को दो महिलाएं एक गर्भवती युवती को देवास के जिला अस्पताल में छोड़कर चली गईं। अगले दिन युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची स्वस्थ थी। हालांकि डॉक्टरों के लिए समस्या यह थी कि युवती उनसे बात नहीं कर पा रही थी। जांच में पता चला कि युवती बोल नहीं सकती थी और उसका मानसिक विकास भी सामान्य नहीं था। अब अस्पताल की टीम के सामने सबसे जरूरी काम था उसकी पहचान और उसके साथ हुई घटना के बारे में पता लगाना। वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर और विशेष शिक्षक को बुलाया गया। इशारों में बताई बलात्कार की बात काउंसलर की मदद से इशारों में बातचीत के दौरान युवती ने संकेत दिया कि उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए थे।
यानी वह गर्भवती कैसे हुई, इसका जवाब अब पुलिस के सामने था। लेकिन अगला सवाल उससे भी बड़ा था- आखिर उसके साथ यह सब किसने किया? युवती ने इशारों में एक जगह की ओर संकेत किया। उसने चूना खदान कांकड़ की तरफ इशारा किया। पुलिस और प्रशासन की टीम उस इलाके में पहुंची। आश्रम पहुंची पुलिस, सामने आई दूसरी कहानी पुलिस जब आश्रम पहुंची तो वहां की तस्वीर ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया। पता चला कि यहां करीब 20 साल से कबीर आश्रम और गौशाला संचालित हो रही थी। देवास में इसके दो आश्रम बताए गए थे। टीन शेड डालकर आश्रम बनाया गया था। यहां मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग महिलाओं को भी रखा जाता था। जब पुलिस और प्रशासन की टीम ने वहां जांच की तो छह और महिलाएं और लड़कियां आश्रम में मिलीं। बताया गया कि इनमें से कुछ कई सालों से वहीं रह रही थीं। आश्रम से बाबा और कई सेवादार भी जुड़े हुए थे। जिस युवती को अस्पताल में छोड़ा गया था, वह इसी आश्रम में रहती थी और उसका दूसरे आश्रम में भी आना-जाना था। आश्रम की अनुमति तक नहीं थी जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, आश्रम को लेकर एक और अहम जानकारी सामने आई। आश्रम और महिला आश्रय के संचालन के लिए प्रशासन से जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। यानी जिन महिलाओं को सुरक्षा और सहारे के नाम पर वहां रखा जा रहा था, उस जगह का संचालन ही नियमों के मुताबिक नहीं हो रहा था। प्रशासन ने दोनों आश्रमों में जांच शुरू की। वहां रह रही महिलाओं की स्थिति और उनकी सुरक्षा को देखते हुए छह महिलाओं को आश्रम से निकालकर वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया। आश्रम में मिले संदिग्ध सामान जामगोद स्थित आश्रम में जांच के दौरान हिरण का एक सींग, एक पहाड़ी कछुआ और सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाओं का एक रैपर मिला। आश्रम की जमीन को लेकर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आश्रम ने 2500 वर्गफीट से ज्यादा जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था। इसके बाद प्रशासन की टीम ने सख्त कार्रवाई की। अतिक्रमण वाले हिस्से पर और आश्रम पर बुलडोजर चला दिया। आखिर उस युवती के साथ क्या हुआ था? पुलिस यह पता लगाने में जुटी थी कि आश्रम में रहने वाली महिलाओं को किस तरह रखा जाता था। उनकी देखरेख कौन करता था? उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी? सबसे अहम सवाल था कि जिस 22 साल की युवती ने इशारों में अपने साथ बलात्कार की बात बताई थी, उसके साथ यह घटना कब और कहां हुई? उसकी स्थिति ऐसी थी कि वह आरोपी का नाम या घटना की पूरी जानकारी सामान्य तरीके से पुलिस को नहीं बता सकती थी। इसलिए सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान थी। अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस इस बीच 22 साल की युवती के मामले में बीएनपी थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया। एक तरफ आश्रम की अनुमति और संचालन को लेकर सवाल थे। दूसरी तरफ वहां रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा था। अब पुलिस के सामने ये सवाल खड़े थे-
क्या युवती के साथ दुष्कर्म करने वाला व्यक्ति आश्रम से जुड़ा हुआ था?
क्या वह आश्रम में काम करने वाला कोई व्यक्ति था?
क्या वह युवती को पहले से जानता था?
या फिर आरोपी काेई और ही था? मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स के पार्ट 2 में कल पढ़िए इन सवालों के जवाब…
Source link
रेप के बाद आश्रम में प्रेग्नेंट हुई युवती:इशारों में बताया उसके साथ क्या हुआ; छापे में सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाएं मिलीं
