![]()
रेवाड़ी के धारूहेड़ा निवासी एक व्यक्ति से इंश्योरेंस पॉलिसी और डिविडेंड फंड के नाम पर करीब 46.79 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के खरखौदा निवासी समीर त्यागी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस 2 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किस तरह ली गई और इस साइबर ठगी में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। फर्जी अधिकारी बनकर किया संपर्क पुलिस के अनुसार धारूहेड़ा के विपुल गार्डन निवासी राजेंद्र सिंह ने 13 अगस्त 2024 आरोपियों ने खुद को एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, एनपीसीआई, नेशनल इंश्योरेंस रिपॉजिटरी और एनएसडीएल के अधिकारी बताया। ठगों ने पीड़ित को उसकी इंश्योरेंस पॉलिसी से जुड़े विवाद को सुलझाने, बोनस और 1.47 करोड़ रुपए से अधिक का डिविडेंड फंड जारी कराने का झांसा दिया। इसके साथ ही ई-इंश्योरेंस अकाउंट खोलने के नाम पर भी उसे विश्वास में लिया गया। अलग-अलग टैक्स और चार्ज के नाम पर ऐंठी रकम पुलिस के मुताबिक ठगों ने पीड़ित से रकम हासिल करने के लिए अलग-अलग शुल्क और टैक्स का झांसा दिया। आरोपियों ने एनओसी चार्ज, ग्रोथ टैक्स, सेस, सर्विस टैक्स और कैपिटल गेन्स टैक्स समेत कई मदों में भुगतान करने को कहा। पीड़ित आरोपियों के झांसे में आता गया और अलग-अलग समय पर रकम भेजता रहा। इस तरह आरोपियों ने उससे कुल 45 लाख 79 हजार 674 रुपए की ठगी कर ली। 2 आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार शिकायत के आधार पर साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी और आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल लोकेंद्र निवासी धनावली, जिला बुलंदशहर, हाल ग्रेटर नोएडा और अशोक कुमार निवासी रोसला, जिला बुलंदशहर, हाल सेक्टर-49 नोएडा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड में नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी पुलिस अब जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सोमवार को समीर त्यागी को गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से साइबर ठगी के नेटवर्क, अन्य आरोपियों की भूमिका और ठगी की रकम से जुड़े लेन-देन के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार जांच के आधार पर आने वाले दिनों में अन्य गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।
Source link
रेवाड़ी के व्यक्ति से ठगी करने वाला गिरफ्तार:इंश्योरेंस पॉलिसी का झांसा देकर हड़पे ₹45.79 लाख, 2 साथी पहले पकड़े जा चुके
