![]()
रेवाड़ी के गांव भटसाना के निसार हत्याकांड में धारूहेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धारूहेड़ा की संतोष कॉलोनी निवासी दीपांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार बरामद कर चुकी है। 6 सितंबर को डेयरी फार्म में मिट्टी के नीचे मिला था शव 6 सितंबर को धारूहेड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म में मिट्टी के नीचे शव दबा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एक महिला की निशानदेही पर मिट्टी हटाने पर मानव शरीर का अंग दिखाई दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढे की खुदाई कर शव बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से नमक, मिट्टी और कपड़ों समेत विभिन्न साक्ष्य कब्जे में लिए। पुलिस जांच में हुई मृतक की पहचान शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते उसे पहचान और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल रेवाड़ी की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान 28 वर्षीय निसार निवासी गांव दमदमा, जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान के रूप में हुई। मृतक के पिता जमील ने 8 सितंबर को पुलिस को बताया कि निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए तिजारा गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। चोरी के शक में की थी बेरहमी से मारपीट मामले में पुलिस ने पहले योगेश उर्फ गोलू निवासी सैय्यद कॉलोनी, बास रोड, धारूहेड़ा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में योगेश ने बताया कि 5-6 सितंबर की रात करीब चार बजे निसार को चोरी के संदेह में पकड़ा गया था। आरोप है कि योगेश, दीपांशु और उनके अन्य साथियों ने निसार के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने शव को ब्रेजा कार में डालकर गांव भटसाना स्थित डेयरी फार्म पहुंचाया और गड्ढा खोदकर उसे दबा दिया। पुलिस पहले ही योगेश के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार बरामद कर चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी शनिवार को धारूहेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया। अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, इस्तेमाल किए गए हथियारों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
रेवाड़ी में निसार हत्याकांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार:चोरी के शक में की थी हत्या, ब्रेजा में शव ले जाकर डेयरी फार्म था दफनाया
