Headlines

Bihar News: Tejashwi Yadav Slams Govt, Temple Attack, SSB Jawan Suicide


.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर पर लड़कियों के शोषण का आरोप लगाया है। 14 जिलों के 2,360 गांवों में 44 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. ‘बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र सरकार’

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। उन्होंने इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष पैकेज दिया जाना चाहिए। तेजस्वी यादव ने कहा, “2007 में जब बाढ़ आई थी, तब केंद्र में UPA की सरकार थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बिहार आए थे। बाढ़ राहत के लिए आर्थिक मदद भी दी गई थी। लालू प्रसाद यादव उन्हें बिहार लेकर आए थे।” पूरी खबर पढ़ें

2. खान सर पर कई लड़कियों के शोषण का आरोप

खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर फिर विवादों में हैं। निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने कहा कि खान सर ने कई लड़कियों के साथ गलत किया है। ऐसी 7-8 लड़कियां मेरे संपर्क में हैं, जो इंसाफ चाहती हैं। मैं उनकी लड़ाई लड़ूंगा। निखिल कुमार ने शनिवार को पटना के एक होटल में मीडिया से बात करते हुए खान सर पर धमकी देने और उनकी रेकी कराने का दावा करते हुए पटना SSP से सुरक्षा की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें

3. पति से मिलने बिहार से राजस्थान पहुंचीं IPS की पत्नी

बिहार के खगड़िया में SP पद पर तैनात IPS अधिकारी भानुप्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब राजस्थान के भरतपुर के मथुरा गेट थाने तक पहुंच गया है। IPS की पत्नी पूजा ने थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी। उनका आरोप है कि पति उनकी छह साल की बेटी को उनसे दूर करना चाहते हैं। पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए तत्काल कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पूजा देर रात तक थाने में बैठी रहीं। पूरी खबर पढ़ें

4. बिहार में 44 लाख आबादी बाढ़ से घिरी

बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति अभी भी बनी हुई है। 14 जिलों के 2,360 गांवों में 44 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। प्रदेश की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। भागलपुर में बरारी श्मशान घाट डूबने के बाद सड़क किनारे चिताएं जल रही हैं। वहीं, सुल्तानगंज का श्मशान घाट पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया है। दानापुर में बाढ़ पीड़ित कंधे तक पानी में उतरकर राशन लेने पहुंचे। बेगूसराय के कई गांवों और मोहल्लों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां लोगों ने फीता और केक काटकर जलजमाव का विरोध किया। पूरी खबर पढ़ें

5. स्कूल गेट पर 18 राउंड फायरिंग, दो शूटर दिखे

मुजफ्फरपुर के चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के गेट पर अपराधियों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की है। वारदात कांटी थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 4 बजे हुई। फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद अपराधियों में स्कूल के गेट पर एक पर्ची चिपकाई, जिसमें स्कूल के मालिक से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। सीसीटीवी में 2 अपराधी नजर आ रहे हैं, दोनों ने सफेद रंग के कपड़े पहने हैं, सिर पर हेलमेट है। पुलिस जमीन विवाद समेत दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें

6. पटना के डॉक्टर ने वाराणसी में किया सुसाइड

पटना के रहने वाले 40 साल के डॉक्टर ने वाराणसी में इंजेक्शन लगाकर सुसाइड कर लिया है। पहचान डॉक्टर गौतम के रूप में हुई है। शनिवार को डॉक्टर ने मरीजों को देखा। इसके बाद हॉस्पिटल की OT से सिरिंज और इंजेक्शन लेकर अपने रूम में चले गए। कमरा बंद करके इंजेक्शन लगा लिया। रात 10 बजे तक डॉक्टर के रूम का दरवाजा नहीं खुला और वे कैंटीन में खाना खाने भी नहीं गए तो सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ। उसने स्टाफ को सूचना दी। डॉक्टरों को बुलाया गया। पूरी खबर पढ़ें

7. शिव मंदिर पर तीन नाबालिगों ने किया पथराव

नालंदा में एक शिव मंदिर में तीन नाबालिग लड़कों ने पत्थर फेंके। CCTV में मंदिर में थूकते कैद हुए। उसके बाद तीनों ने ग्रिल के अंदर से मंदिर में टॉयलेट किया और वहां से भाग निकले। घटना की शनिवार की है। इसकी जानकारी तब हुई जब एक स्थानीय युवक दोपहर तीन बजे मंदिर पहुंचा। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। करीब तीन घंटे बाद पुलिस को इसकी सूचना मिली। देर रात तक पुलिस इलाके में मौजूद रही। पूरी खबर पढ़ें

8. SSB जवान ने ऑन ड्यूटी खुद को किया शूट

किशनगंज में SSB के एक जवान ने सर्विस बंदूक से गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान 24 साल के चयन मंडल के रूप में हुई। चयन मंडल पश्चिम बंगाल के दार्जलिंग का रहने वाले थे। चयन मंडल ने ड्यूटी के दौरान इंसास रायफल से सिर में गोली मारकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि अफेयर में चयन मंडल ने सुसाइड किया है। जिस वक्त SSB के जवान ने खुद को गोली मारी वो किसी लड़की से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

9. चोरी करने घुसा चोर घर के गद्दे पर सो गया

नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र की पुरानी जेल रोड में चोरी की घटना सामने आई है। देर रात पवन कुमार के घर में तीन चोर घुसे थे। उन्होंने घर से सोना-चांदी समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति चुराई। चोरी के बाद दो चोर भाग गए, लेकिन तीसरा घर के अंदर ही रह गया। चोरों ने चोरी का सारा सामान एक बोरे में पैक कर लिया था। इसी दौरान एक चोर को गहरी नींद आ गई। वह घर के अंदर बिस्तर और गद्दा देखकर उस पर सो गया। घर के लोगों को चोरी की इस घटना की जानकारी नहीं थी। सुबह परिवार के सदस्य गौरव कुमार ने घर के अंदर सोए चोर को देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पूरी खबर पढ़ें

10. बिहार के सभी जिले में मौसम रहेगा सामान्य

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कल यानी सोमवार को मौसम सामान्य रहेगा। बिहार में सभी जिले में उमस भरी गर्मी रहेगी। दिन में धूप निकलेगी। हालांकि, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *