![]()
रेवाड़ी शहर की काठ मंडी में 40 दिन से सड़क खोदकर छोड़ने और काम बेहद धीमी गति से होने से परेशान व्यापारी आखिरकार जिला नगर आयुक्त (डीएमसी) के दरबार में पहुंचे। व्यापारियों ने सड़क निर्माण में लापरवाही, धूल-मिट्टी, गड्ढों, टूटी टाइलों और पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचने की शिकायत की। व्यापारियों के डीएमसी से मिलते ही नगर परिषद के अधिकारी हरकत में आए और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएमसी ने कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को फटकार लगाते हुए 15 दिन में काम पूरा करने की डेडलाइन दी है। व्यापारियों ने डीएमसी को बताया कि करीब 40 दिन पहले सड़क को तोड़ दिया गया था, लेकिन अभी तक सड़क का 10 से 15 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हुआ है। सड़क पर पड़ी टूटी टाइलों और निर्माण सामग्री के कारण दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है। व्यापारियों का कहना है कि रोजाना धूल उड़ने से दुकानदारों और ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। पेयजल लाइन टूटने से बढ़ी परेशानी व्यापारियों ने बताया कि सड़क तोड़ने के दौरान पेयजल की मुख्य लाइन और दुकानों के कनेक्शन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर पाइपलाइन ठीक कराई, लेकिन अब सड़क को दोबारा गहरा खोदने का काम शुरू किया जा रहा है। इससे फिर से पेयजल लाइन टूटने का खतरा बना हुआ है। कई जगह गहरे गड्ढे खोदे जाने से दुकानों तक पहुंचने का रास्ता भी प्रभावित हुआ है। त्योहार से पहले काम पूरा करने की मांग व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में यदि सड़क का काम जल्द पूरा नहीं हुआ तो पूरे सीजन का कारोबार प्रभावित हो सकता है। उन्होंने डीएमसी से निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की मांग की। डीएमसी ने अधिकारियों को लगाई फटकार व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद डीएमसी ने नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को बुलाकर मामले में नाराजगी जताई। इसके बाद दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। व्यापारियों के अनुसार, डीएमसी ने काम पूरा करने के लिए 15 दिन की समय सीमा तय की है। 26 अगस्त को भी दिया था जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन व्यापारियों के अनुसार, डीएमसी 26 अगस्त को काठ मंडी में पहुंचे थे। उस दौरान अधिकारियों को 29 अगस्त से काम शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय पर काम शुरू नहीं हुआ। व्यापारियों का कहना है कि अब दोबारा काम शुरू किया गया है, लेकिन जिस गति से काम चल रहा है, उससे समय पर सड़क बनने को लेकर संशय बना हुआ है। ठेकेदार पर काम सबलेट करने का आरोप व्यापारियों ने सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि टेंडर लेने वाले ठेकेदार ने काम आगे किसी अन्य को दे रखा है। व्यापारियों के अनुसार, मौके पर ठेकेदार की बजाय मजदूर काम करते दिखाई देते हैं और काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने नगर परिषद से पूरे मामले की जांच की मांग की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का ठेका लेने वाले ठेकेदार डेविड ने काम आगे किसी अन्य को दे रखा है। उनका कहना है कि मौके पर ठेकेदार की बजाय मजदूर काम करते दिखाई दे रहे हैं। व्यापारियों ने नगर परिषद से ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच करने और काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link
रेवाड़ी में 40 दिन से सड़क खोदकर छोड़ी,:व्यापारी डीएमसी के पास पहुंचे तो हरकत में आया नगर परिषद
