Headlines

लुधियाना के नामी जिम में रिसेप्शनिस्ट्स ने किया फर्जीवाड़ा:ग्राहकों की फीस कैश और रिश्तेदारों के अकाउंट में गूगल पे करवाकर जिम को लगाया चूना; 2 युवतियों पर FIR दर्ज




लुधियाना के जालंधर बाईपास स्थित OZMO (ओज़मो) जिम में धोखाधड़ी और गबन का एक मामला सामने आया है। यहां बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली दो युवतियों ने जिम मालिक के साथ ठगी को अंजाम दिया है। दोनों आरोपियों ने ग्राहकों से जिम की फीस के पैसे जिम के अकाउंट में डलवाने के बजाय, नकद ले लिए या फिर गूगल पे के जरिए अपने और अपने रिश्तेदारों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने जिम मालिक की शिकायत पर लंबी जांच के बाद दोनों आरोपी युवतियों के खिलाफ BNS की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कैसे रची ठगी की साजिश: पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी युवतियां जिम के फ्रंट डेस्क पर रिसेप्शनिस्ट का काम देखती थीं। जब भी कोई नया कस्टमर मेंबरशिप लेने या फीस जमा करने आता तो ये उसे जिम के बाहर कैश देने या गूगल पे के माध्यम से अपने और अपने रिश्तेदारों के निजी खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहती थीं। इस तरह उन्होंने लंबे समय तक जिम मैनेजमेंट को धोखे में रखा। शिकायतकर्ता इस मामले की शिकायत विकास पाहवा ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने इस मामले में दो रिसेप्शनिस्ट्स को नामजद किया है। पहली आरोपी प्रिया अरोड़ा निवासी ऋषि नगर, लुधियाना है जबकि दूसरी आरोपी का नाम शिवानी है।पुलिस के अनुसार, इस धोखाधड़ी का सिलसिला 10 जनवरी 2026 के आसपास शुरू हुआ था। जिम प्रबंधन को जब इसका पता चला तो उन्होंने 20 जून 2026 को पुलिस कमिश्नर दफ्तर (Sr No. 2344-Z-1) में इसकी लिखित शिकायत दी। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने शिकायत की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद 7 सितंबर 2026 को दोनों आरोपियों (प्रिया अरोड़ा और शिवानी) के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत दर्ज किया गया है।इस पूरे मामले की तफ्तीश सब-इंस्पेक्टर (SI) पलविंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों ने कुल कितने ग्राहकों के साथ यह हेराफेरी की है और कुल कितने रुपयों का गबन किया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *