![]()
किसान आंदोलन के दौरान “वाटर कैनन बॉय” के नाम से चर्चित हरियाणा के नवदीप सिंह जलबेड़ा आठ महीने पुराने मामले में अब पुलिस जांच में शामिल हो गए हैं। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ लुधियाना में एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में उन्हें 16 जुलाई को जिला अदालत से जमानत मिल चुकी है। जानकारी के अनुसार, नवदीप सिंह जलबेड़ा एक दिन पहले अपने वकील के साथ थाना डिवीजन नंबर-2 के अधीन पुलिस चौकी जनकपुरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को अपनी जमानत की जानकारी दी और जांच में शामिल हुए। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है। 8 महीने पहले दर्ज हुई थी एफआईआर यह मामला करीब आठ महीने पहले सामने आया था। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंकज शारदा ने राजीव शर्मा, पाली सहजपाल, पंडित राजन शर्मा और समुदाय के अन्य प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित प्रदर्शन के दौरान नवदीप सिंह जलबेड़ा ने मंच से ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत के आधार पर लुधियाना पुलिस ने नवदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तारी के लिए हरियाणा में की गई थी छापेमारी पुलिस चौकी जनकपुरी के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि नवदीप को 16 जुलाई को जिला अदालत से जमानत मिली थी। अब वह पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले आठ महीनों के दौरान पुलिस टीम ने हरियाणा में कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन नवदीप पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए थे। इस बयान पर हुआ था विवाद पंजाब विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान नवदीप सिंह जलबेड़ा ने अपने संबोधन में कहा था कि, “पूरे पंजाब के ऊपर दिल्ली का गंदा राज नहीं चलेगा। पाखंडी ब्राह्मण का राज नहीं चलेगा। पंजाब पर सिर्फ बाबा नानक का राज चलेगा।” शिकायतकर्ताओं ने “पाखंडी ब्राह्मण” शब्दों पर आपत्ति जताते हुए इसे पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान बताया था, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। ऐसे बने थे ‘वाटर कैनन बॉय’ हरियाणा के अंबाला जिले के जलबेड़ा गांव निवासी नवदीप सिंह भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) से जुड़े हैं। किसान आंदोलन के दौरान शंभू बॉर्डर पर जब पुलिस किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रही थी, तब नवदीप बैरिकेड्स पार कर पुलिस के वज्र वाहन पर चढ़ गए थे। उन्होंने वाटर कैनन की दिशा किसानों से हटाकर पुलिस की ओर मोड़ दी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद वह “वाटर कैनन बॉय” के नाम से देशभर में चर्चित हो गए।
Source link
लुधियाना पहुंचा वाटर कैनन बॉय नवदीप:8 महीने पुराने केस में मिली जमानत,ब्राह्मण समाज के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
