Headlines

लुधियाना में चिता पर टोना-टोटका:ग्रामीण बोले- आत्मा को वश में करना चाहता था मैकेनिक; बकरे की खोपड़ी लेकर पहुंचा




लुधियाना के श्मशान घाट में बकरे की कटी हुई खोपड़ी मिलने के मामले में खुलासा हुआ है। ग्रामीणों ने दावा किया कि गांव के ही व्यक्ति ने अपने साथी के साथ चिता पर तंत्र-मंत्र (टोना-टोटका) किया। वह आत्मा को वश में करना चाहता था। आरोपी मैकेनिक का काम करता था। लेकिन 3-4 साल से उसने ये काम भी करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, दिन में व्यक्ति के अंतिम संस्कार के बाद रात को 9 बजे आरोपी चिता के पास पहुंचा। अगले दिन मृतक का परिवार अस्थियां चुनने पहुंचा तो राख में बकरे की कटी हुई खोपड़ी, लड्डू और पूजा-पाठ का सामान मिला। इसके बाद CCTV कैमरे चेक किए गए, जिनसे आरोपी तक पहुंचने का सुराग मिला। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। खुद को तांत्रिक बताने वाला आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है। मामला जगराओं के सिधवां बेट इलाके के गांव लीला मेघ सिंह का है। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला… 3 सितंबर को किया था अंतिम संस्कार
मृतक के भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई जगदीप सिंह का बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार ने 3 सितंबर को गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। अस्थियां चुनने पहुंचे तो चिता पर मिला सामान
अगले दिन यानी 4 सितंबर की सुबह परिवार अस्थियां (फूल) चुनने श्मशान घाट पहुंचा। वहां चिता की राख में अस्थियों के साथ बकरे की कटी हुई खोपड़ी और तांत्रिक पूजा का सामान पड़ा मिला। इसे देखकर परिवार के लोग सन्न रह गए। CCTV फुटेज में संदिग्ध गाड़ी दिखी
परिजनों को शक हुआ कि किसी ने रात के समय चिता पर तंत्र-मंत्र या टोना-टोटका किया है। इसके बाद श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्तों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध गाड़ी नजर आई, जिसके आधार पर परिवार ने गांव के दो लोगों पर शक जताया। जनरेटर मैकेनिक से तंत्र-मंत्र करने लगा आरोपी
गांव वालों के मुताबिक, आरोपी अमरीक सिंह पहले जनरेटर मैकेनिक का काम करता था। कुछ समय पहले उसने कथित तौर पर यह काम छोड़कर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ करना शुरू कर दिया था। गांव वालों का कहना है कि वह खुद को तांत्रिक मानने लगा था। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
कुलदीप सिंह की शिकायत पर सिधवां बेट पुलिस ने अमरीक सिंह और सुखदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने अमरीक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी सुखदेव सिंह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *