Headlines

लुधियाना में महिला से लूट कर भागे लुटेरों को पकड़ा:चीख सुनकर लोगों ने एक्टिवा सवार बदमाशों को घेरा, एक पिस्तौल बरामद




लुधियाना के औद्योगिक क्षेत्र ढंडारी में स्थानीय निवासियों की सतर्कता और बहादुरी के चलते लूट की एक बड़ी वारदात नाकाम हो गई। एक्टिवा सवार दो शातिर बदमाशों ने एक महिला से लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन चीख-पुकार सुनकर एकत्र हुए राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही घेराबंदी कर दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी एएसआई हरमेश ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर ढंडारी इलाके में घूम रहे थे और उन्होंने सुनसान पाकर एक महिला को निशाना बनाने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान एक आरोपी की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपी के आपराधिक इतिहास और विवरण की पुष्टि के लिए गहनता से जांच की जा रही है। पिस्तौल असली है या नकली? फॉरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक काले रंग का हथियार दिखाई दे रहा है। इस बारे में एएसआई हरमेश ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि मौके से बरामद हथियार को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि पिस्तौल असली है या खिलौना/नकली। इसकी पूरी सत्यता फोरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की हर पहलू से बारीक जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *