![]()
डीडवाना के लूणवां ग्राम पंचायत में राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025 के तहत स्वीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के निर्माण स्थल को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने भूमि चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जिला कलेक्टर डीडवाना-कुचामन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सटी भूमि को एक भूमिदाता द्वारा CHC निर्माण के लिए स्वेच्छा से दान किया जा चुका है। इसके बावजूद, कुछ लोग निजी आर्थिक हितों के चलते अस्पताल को निजी खातेदारी भूमि पर स्थानांतरित करवाने का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञापन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि खातेदारी मार्गों से जुड़ी निजी भूमि पर सार्वजनिक अस्पताल का निर्माण होने से भविष्य में रास्ते, सीमांकन और उत्तराधिकार को लेकर कानूनी विवाद उत्पन्न हो सकते हैं। इससे निर्माण कार्य में देरी होने के साथ क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वर्तमान PHC परिसर के भवन का जीर्णोद्धार एवं विस्तार करते हुए दान में दी गई भूमि का उपयोग कर CHC का निर्माण कराया जाए। उनके अनुसार, इससे सरकारी धन की बचत होगी और बिजली, पानी, बाउंड्रीवाल सहित पहले से उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी तत्काल लाभ मिल सकेगा। ग्रामीणों ने स्थल चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, निजी भूमि पर निर्माण के प्रयासों पर रोक लगाने तथा ग्राम सभा बुलाकर आमजन की सहमति लेने की भी मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जनहित को दरकिनार कर निर्णय लिया गया, तो क्षेत्रवासी उच्च स्तर पर आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन की प्रतिलिपि नावां विधायक एवं राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा उपखंड अधिकारी नावां को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
Source link
लूणवां CHC निर्माण स्थल पर विवाद गहराया:ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की
