![]()
सवाई माधोपुर में रणथंभौर टाइगर रिजर्व के पास लेपर्ड ने घर में खेल रहे 3 साल के बच्चे को उठाकर ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने फलौदी रेंज पहुंचकर प्रदर्शन किया और वन चौकी में आग लगा दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने जंगल में तलाश कर बच्चे को घायल हालत में ढूंढा और जिला हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे दामोदर गांव में हुई। घर में खेल रहे 3 साल के बच्चे को लेपर्ड उठाकर जंगल में ले गया प्रत्यक्षदर्शी रामकेश गुर्जर ने बताया – संजय बैरवा का तीन साल का बेटा दिलखुश घर पर खेल रहा था। इसी दौरान लेपर्ड उसे उठाकर ले गया। बच्चे की मां ने लेपर्ड के पीछे भागकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी और सदमे में बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की चौकी पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने ग्रुप में जंगल में जाकर तलाश शुरू की। पहाड़ी पर घायल मिला बच्चा, हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया ग्रामीणों को जंगल की पहाड़ी पर दिलखुश घायल अवस्था में मिला। इसके बाद वे बच्चे को लेकर जिला हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की सूचना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके बाद उन्हें खुद जंगल में जाकर बच्चे की तलाश करनी पड़ी। गुस्साए ग्रामीणों ने वन चौकी में लगाई आग बच्चे की मौत से गुस्साए ग्रामीण फलौदी रेंज पहुंचे और वन विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने वन चौकी में आग लगा दी और हंगामा किया। फिलहाल प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को शांत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
लेपर्ड तीन साल के बच्चे को उठाकर जंगल ले गया:पहाड़ी पर घायल मिला, मौत के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की चौकी में लगाई आग
