![]()
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस ने सोमवार को बिलासपुर में प्रदर्शन किया। जिला शहर और ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट घेरा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी हुई। कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला जलाया, काले गुब्बारे छोड़े। कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग कर रही है। पार्टी ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी और कार्यकाल के फैसलों, मतदाता सूची में बदलावों की स्वतंत्र जांच की मांग की। प्रदर्शन के बाद जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कलेक्टर के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की गई। कांग्रेस ने दावा किया कि पिछले 10 महीनों में दो निर्वाचन आयुक्तों, सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी ने सीईसी के फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज कराई। कांग्रेस का कहना है कि उसकी आपत्तियों में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने और निर्वाचन आयोग की IT व्यवस्था को दिल्ली में केंद्रीकृत करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, वर्तमान में ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त हैं। वहीं सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी निर्वाचन आयुक्त हैं। कांग्रेस ने चुनावी व्यवस्था पर उठाए सवाल कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया कि राहुल गांधी और पार्टी लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि अब निर्वाचन आयोग के अंदर फैसले लेने की प्रक्रिया को लेकर सामने आई आपत्तियों से उसके सवाल और गंभीर हो गए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में एक व्यक्ति के हाथ में ज्यादा नियंत्रण की स्थिति बनाई गई और राज्य स्तर के अधिकारियों को नजरअंदाज कर चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताएं की गईं। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं। निर्वाचन आयोग का कहना है कि चुनाव कानून और आयोग के निर्देशों के अनुसार कराए जाते हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना आयोग की जिम्मेदारी है। आंदोलन जारी रखने की बात कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई होने तक उसका विरोध जारी रहेगा। बिलासपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी मांग को लेकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार व निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
वोट चोरी के आरोप,कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी मांगी:बिलासपुर में कलेक्ट्रेट घेरा, पुतला फूंका और काले गुब्बारे छोड़े; राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा
