![]()
पानीपत जिले में मतलौड़ा थाना पुलिस ने भंडारी गांव में शराब ठेके पर तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उंटला निवासी अंशुल के रूप में हुई है, जिसे गुरुवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मतलौड़ा थाना में अदियाना निवासी जसवीर ने शिकायत दर्ज कराई थी। जसवीर ने बताया कि उसने गांव भंडारी में वर्ष 2025 से 2027 तक शराब का ठेका लिया हुआ है। वह स्वयं भी ठेके पर बैठता है। जींद जिले के मूआना गांव निवासी देवेंद्र को सेल्समैन रखा हुआ है। 4 अगस्त की शाम करीब 8 बजे देवेंद्र ठेके पर अकेला बैठा था। उसी दौरान साहिल और उसके दो दोस्त ठेके पर आए और कम दाम पर शराब की बोतल मांगने लगे। देवेंद्र के मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरेापी उस समय तो चले गए और दोबारा ठेके पर आने की बात कही। खेतों में भागकर बचाई जान कुछ देर बाद साहिल अपने साथी अमन व अन्य के साथ लौटा और गंडासी से हमला किया। किसी तरह देवेंद्र ने वार बचा लिया और वहां से भागने लगा। आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। देवेंद्र किसी तरह बचकर खेतों की तरफ भागा। आरोपियों ने ठेके में जमकर तोड़फोड़ की और गल्ले से 30 हजार रुपए निकाल लिए। आरोपी ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। घायल देवेंद्र को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कम रेट में शराब न मिलने की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब अंशुल से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Source link
शराब के ठेके में तोड़फोड़ करने वाला युवक अरेस्ट:मतलौड़ा में ठेकेदार से की मारपीट, कैश काउंटर से 30 हजार ले गया
