![]()
शिक्षक दिवस पर बुरहानपुर में एक तरफ स्कूलों में छात्रों ने शिक्षकों का स्वागत और सम्मान किया, वहीं दूसरी ओर शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का विरोध जताया। जिले के शिक्षकों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित ने कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर जिले के सभी शिक्षकों ने टीईटी के विरोध में काली पट्टी बांधी। उन्होंने सरकार से सहानुभूति दिखाते हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा रद्द करने की मांग की। सरकार के विरोधी नहीं, व्यवस्था के विरोध में संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. अशफाक खान, जिला संयोजक धर्मेंद्र चौकसे, राजेश साल्वे, अनिल बाविस्कर, राजेश पाटील, नेपानगर के बृजेश राठौर, अनिल सातव और कल्पना पवार बाथम ने कहा कि शिक्षक सरकार के विरोधी नहीं हैं, बल्कि वे व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था लागू कर शिक्षकों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। शिक्षक दिवस पर मोबाइल पर आया अनुपस्थिति का मैसेज शिक्षकों ने आरोप लगाया कि शिक्षक दिवस के दिन उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया। उन्होंने बताया कि एक तरफ मुख्यमंत्री भोपाल में शिक्षकों का सम्मान कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से शिक्षकों के मोबाइल पर मैसेज भेजे गए। इसमें बताया गया कि 5 सितंबर को शिक्षक ऐप पर उनकी हाजिरी दर्ज नहीं हुई है और मैसेज में ‘अनुपस्थित, स्कूल शिक्षा विभाग’ लिखा था। स्कूल में मौजूद थे शिक्षक, फिर भी बताया अनुपस्थित शिक्षकों का कहना है कि वे 5 सितंबर को स्कूल में मौजूद थे और उन्होंने शिक्षक ऐप पर सही तरीके से अपनी हाजिरी भी लगाई थी। इसके बावजूद मोबाइल पर अनुपस्थित होने का मैसेज आने से शिक्षक हैरान रह गए। उन्होंने सवाल उठाया कि शिक्षक दिवस के दिन इस तरह के मैसेज भेजने का क्या मतलब है और क्या इस तरह उन्हें मानसिक परेशानी देना उचित है। जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग शिक्षकों ने मांग की है कि शिक्षक ऐप पर हाजिरी दर्ज होने के बावजूद अनुपस्थित का मैसेज भेजे जाने के मामले की जांच कराई जाए। उन्होंने जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही टीईटी को रद्द करने की मांग भी दोहराई।
Source link
शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर टीईटी का विरोध:बुरहानपुर में शिक्षकों ने ई-अटेंडेंस लगाई, फिर भी अनुपस्थित का मैसेज मिला
