![]()
शिमला के राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की बैठक शुरू हो गई है। इसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में चल रही इस बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और आंदोलनों की रणनीति पर चर्चा हो रही है। PCC की बैठक में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस के आगे के आंदोलन की रणनीति पर प्रमुखता से चर्चा होगी। कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार पहले ही SIR के मुद्दे पर जन आंदोलन की बात कह चुके हैं। ऐसे में PCC की बैठक में आंदोलन के अगले चरण, जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रमों तथा पार्टी पदाधिकारियों की भागीदारी को लेकर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस SIR में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। भरमौर से सिरमौर तक ‘हिमाचल जोड़ो यात्रा’
कांग्रेस की प्रस्तावित ‘हिमाचल जोड़ो यात्रा’ भी आज की बैठक के एजेंडे में शामिल है। यह यात्रा भरमौर से सिरमौर तक निकाली जानी है और इसकी अगुवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार करेंगे। बैठक में यात्रा की तारीख, रूट और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। नीट पेपर लीक समेत अन्य मुद्दे भी उठाने की तैयारी
कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने प्रदेश को क्षेत्रीय और जातीय आधार पर बांटने का प्रयास किया है। पार्टी इसके जवाब में हिमाचल को एकजुट करने के संदेश के साथ यात्रा निकालने की बात कह रही है। यात्रा के दौरान SIR, नीट पेपर लीक समेत अन्य मुद्दे भी उठाने की तैयारी है। तीन महीने के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड
PCC की बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के पिछले तीन महीने के कामकाज की समीक्षा भी होगी। पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों और अब तक किए गए संगठनात्मक कार्यों की रिपोर्ट के साथ बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों और ब्लॉकों के कामकाज का भी फीडबैक लिया जाएगा। भागीदारी का भी आकलन किया जाएगा
समीक्षा में यह देखा जाएगा कि पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, उन्हें किस स्तर तक पूरा किया गया। संगठन की गतिविधियों में सक्रियता और पार्टी कार्यक्रमों में भागीदारी का भी आकलन किया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व की ओर से पहले ही संकेत दिए गए हैं कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने वाले पदाधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है। ब्लॉकों की गतिविधियों की रिपोर्ट ली जाएगी
बैठक में जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों से भी जिलों व ब्लॉकों की गतिविधियों की रिपोर्ट ली जाएगी। 26 सितंबर को अग्रणी संगठनों और विभागों के राज्य प्रमुखों के कामकाज की अलग बैठक में समीक्षा प्रस्तावित है।
Source link
शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीटिंग:भरमौर से सिरमौर तक निकलेगी हिमाचल जोड़ो यात्रा, SIR आंदोलन को लेकर बनेगी रणनीति
