![]()
शिमला नगर निगम का हाउस आज मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में दोपहर ढाई बजे शुरू होगा। इसमें शहर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बंदरों और आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर सदन के भीतर और बाहर हंगामा देखने को मिल सकता है। शिमला शहर में पिछले एक महीने में डॉग और मंकी बाइट के 10 से ज्यादा मामले सामने आने के बाद पार्षद इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठा सकते हैं। सदन के बाहर भी सामाजिक संगठन इस मामले में प्रदर्शन कर सकते हैं। शहर में आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। शांकली क्षेत्र में एक सप्ताह पहले 20 महीने की बच्ची पर दो कुत्तों ने हमला कर दिया था। बच्ची को कुत्ते घर से करीब 30 मीटर दूर तक घसीटकर ले गए थे। इस घटना के बाद शहर में आक्रोश बढ़ गया था। इनके आतंक से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी परेशान हैं। इसी तरह, बंदरों के हमले के बाद भागते हुए गिरी महिला की मौत हो गई थी। उपनगर ढली के इंद्रनगर वार्ड समेत शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लोगों पर आवारा कुत्तों और बंदरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। इंद्रनगर में महिलाओं और बच्चों का अकेले घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खतरनाक कुत्तों को पकड़कर डॉग हट में रखने की मांग
नगर निगम के हाउस में पार्षद खतरनाक और आक्रामक कुत्तों को पकड़ने तथा उन्हें डॉग हट में रखने की मांग उठाएंगे। इसी तरह, बंदरों व कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन का मामला भी सदन में गूंजेगा। हाउस के बाहर प्रदर्शन की भी संभावना
बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सामाजिक संगठन भी नगर निगम के हाउस के बाहर प्रदर्शन कर सकते हैं। शहर में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच संगठन और स्थानीय लोग निगम से ठोस कार्रवाई की मांग कर सकते हैं। डॉग हट का विस्तार करने की तैयारी
वहीं नगर निगम की ओर से डॉग हट को एक्सपेंड करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके लिए करीब 18 लाख रुपए खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। डॉग हट का विस्तार होने से पकड़े जाने वाले आवारा और खतरनाक कुत्तों को रखने की क्षमता बढ़ाई जा सकेगी। हाउस में इस योजना को लेकर भी चर्चा हो सकती है। कर्मचारियों के एरियर पर भी फैसला संभव
नगर निगम के कर्मचारियों से जुड़ा एरियर का मुद्दा भी बैठक में रखा जाएगा। कर्मचारियों को एरियर देने को लेकर निगम प्रशासन की ओर से निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं। केएनएच के पास बनेगा गेस्ट हाउस
नगर निगम की ओर से केएनएच के पास गेस्ट हाउस बनाने की योजना भी है। निगम की योजना इस संपत्ति का इस्तेमाल आय के स्रोत के तौर पर करने की है। गेस्ट हाउस के निर्माण और इससे जुड़े प्रस्ताव पर भी हाउस में चर्चा होगी। मशोबरा में बनेगा टॉयलेट
बैठक में मशोबरा में सार्वजनिक टॉयलेट के निर्माण से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा जाएगा। पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां आने वाले लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टॉयलेट निर्माण की योजना बनाई गई है।
Source link
शिमला MC हाउस में डॉग-मंकी बाइट पर होगी चर्चा:हंगामे के आसार, एक महीने में 10 से अधिक मामले; महिलाओं-बच्चों का घरों से निकलना मुश्किल
