![]()
शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में कचरा फेंकने को लेकर हुई मारपीट के मामले में नया मोड़ आया है। 29 वर्षीय मोनिका खटीक ने प्रशांत यादव और उसके भाई निशांत यादव पर मारपीट के साथ थाने के अंदर धमकाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने शुक्रवार (2 अक्टूबर) को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया और आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। मोनिका खटीक, निवासी संजय कॉलोनी वार्ड क्रमांक 35, ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह घर से कूड़ा-कचरा लेकर एकांत स्थान पर डालने जा रही थी। इसी दौरान उसके घर से तीन-चार मकान दूर रहने वाले प्रशांत यादव और उसके भाई निशांत यादव ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल किया। मोनिका के मुताबिक, उसने गाली देने से मना किया तो दोनों भाइयों ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। उसके चिल्लाने पर नानी आशा खटीक और मामी मंजू खटीक मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उसे बचाया। थाने पहुंचकर धमकाने का आरोप
घटना के बाद मोनिका अपने भाई के साथ देर रात फिजिकल थाने पहुंची, जहां उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के दौरान आरोपी और उनके सहयोगी थाने पहुंच गए और उसे डराने-धमकाने लगे। आरोप है कि उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़िता ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की। मोनिका का कहना है कि एफआईआर के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे, उसके भाई तथा परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार में डर का माहौल है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा और भविष्य में उसके खिलाफ होने वाली किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच की मांग की।
Source link
शिवपुरी में कचरा फेंकने के विवाद में महिला से मारपीट:थाने में धमकाने का आरोप; एसपी ऑफिस पहुंची, बोली- जान का खतरा
