Headlines

शिवपुरी में होटल सील, अवैध ढाबा ध्वस्त:सरकारी जमीन पर कब्जा मिला, अवैध शराब, घरेलू गैस सिलेंडर और मशीनें जब्त




शिवपुरी के ककरवाया गांव में जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष अनिल ‘अन्नी’ शर्मा से जुड़े भैया होटल और उससे लगी शासकीय भूमि पर संचालित अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा। प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने ढाबे को ध्वस्त कर दिया, जबकि मुख्य भैया होटल को सील कर दिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व, आबकारी, खनिज, खाद्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ककरवाया स्थित भैया होटल पर छापामार कार्रवाई की। राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि सर्वे नंबर 872/1 की शासकीय भूमि को दारासिंह पुत्र बारेलाल परिहार ने निजी भूमि बताकर किराए पर दे रखा था। इस भूमि पर अवैध रूप से ढाबा संचालित किया जा रहा था। भूमि शासकीय पाए जाने पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर ढाबे को ध्वस्त कर दिया। साथ ही दारासिंह पर 25 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। होटल से अवैध शराब बरामद संयुक्त जांच के दौरान मुख्य भैया होटल में कई अनियमितताएं सामने आईं। आबकारी विभाग ने होटल परिसर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर जब्त की और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी। खाद्य विभाग की टीम ने होटल के किचन में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होते पाया। मौके से छह घरेलू गैस सिलेंडर, दो व्यावसायिक भट्टियां और पांच किलोग्राम क्षमता का एक गैस सिलेंडर जब्त किया गया। होटल प्रबंधन गैस उपयोग से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम और एलपीजी वितरण संबंधी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर होटल के किचन और डाइनिंग हॉल को सील कर दिया गया। खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से अवैध उत्खनन एवं परिवहन में उपयोग की जा रही एक जेसीबी, एक डंपर और एक ट्रॉली भी जब्त की। मामले में संबंधित विभागों ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *