![]()
राज्य में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। राजधानी रांची में दिनभर बादल छाये रहने और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 20 जुलाई को भी रांची में बादल छाये रहेंगे। मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दिन कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 20-21 जुलाई को आंधी के साथ बारिश और 22 जुलाई को अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ ठनका गिरने की भी संभावना जतायी गई है। रांची में हुई बारिश की तस्वीरें देखें…. एक से दो घंटे में ही भारी बारिश इस बार झारखंड के मौसम में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह (12 से 18 जुलाई) के आंकड़े बताते हैं कि अब बारिश लंबे समय तक लगातार होने के बजाय महज एक से दो घंटे में ही भारी मात्रा में हो रही है। 17 जुलाई को रामगढ़ में 60.5 मिमी और 18 जुलाई को रांची में 50 मिमी बारिश इसी शॉर्ट-स्पेल ट्रेंड का उदाहरण है। सिमडेगा में 16 जुलाई को 41.5 मिमी बारिश कम समय में दर्ज की गई। मेदिनीनगर और चाईबासा में भी यही पैटर्न देखने को मिल रहा है, जहां थोड़े समय की तेज बारिश से जलभराव की स्थिति बन रही है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह स्थिति बन रही है। जब यह लो प्रेशर सिस्टम झारखंड के मध्य से गुजरेगा, तब एक-दो दिन लगातार बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है। रांची में रिकॉर्ड बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त राजधानी रांची में शनिवार को दोपहर 2 बजे से शाम 3:30 बजे के बीच मूसलाधार बारिश हुई और देर शाम से रात तक रुक-रुक कर बारिश जारी रही। इस दौरान करीब 50 से 65 मिमी तक बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश है। महज दो घंटे की तेज बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया। कोकर, मेन रोड, बरियातू, मोरहाबादी, रातू रोड, कांके सहित कई इलाकों में जलजमाव हो गया। अपर बाजार, चुटिया, लोअर वर्द्धमान कंपाउंड, मधुकम जैसे निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। मेन रोड स्थित दुर्गा बाड़ी में भी पहली बार पानी भर गया। नालियों का पानी उफनकर सड़कों पर आ गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण एक घंटे की बारिश भी संकट बन रही है। कम बारिश की भरपाई से किसानों को राहत हालांकि इस सक्रिय मानसून से किसानों को राहत मिली है। पिछले तीन दिनों में करीब 3 प्रतिशत बारिश की कमी दूर हुई है। 15 जुलाई तक राज्य में 41 प्रतिशत कम बारिश थी, जो अब घटकर 38 प्रतिशत रह गई है। 1 जून से 18 जुलाई तक राज्य में सामान्य वर्षापात 371.2 मिमी के मुकाबले 231.1 मिमी बारिश हुई है। वहीं रांची में इस अवधि में सामान्य 383.9 मिमी के मुकाबले 306.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो 20 प्रतिशत कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर अगले 3-4 दिन तक इसी तरह बारिश होती रही, तो डैमों का जलस्तर बढ़ेगा और धानरोपनी में तेजी आएगी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और मानसून ट्रफ के रांची होते हुए उत्तर बिहार तक फैले होने से आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
Source link
शॉर्ट-स्पेल बारिश से झारखंड हुआ बेहाल:दो घंटे में ही मूसलाधार बरस रहे बादल, आज 9 जिलों में झमाझम बारिश के आसार
