Headlines

संत रविदास की 650वीं जयंती, समरसता संकल्प यात्रा अंजड पहुंची:नगर में जगह-जगह स्वागत, कलश पूजन और पुष्पवर्षा




संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान कलश वंदन यात्रा’ शनिवार शाम करीब 5 बजे अंजड पहुंची। इस यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। अस्पताल चौक पर मंडल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, चर्मकार समाज सहित विभिन्न समाजों के नागरिकों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कलश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद कलश वंदन यात्रा नगर के धानमंडी चौक, जटाशंकरी चौक, सराफा बाजार, गणगौर चौक, भैरवनाथ गली और भोंगली नदी होते हुए संत रविदास भवन पहुंची। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुईं। नगर में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह कलश पूजन और पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। भोंगली नदी पर ठीकरी बीओ राजेश मालवीय, सांदीपनि बालक स्कूल के प्राचार्य अंतिम कुमार जैन ने अपने विद्यार्थियों के साथ यात्रा का स्वागत किया। पीएमश्री कन्या स्कूल के स्टाफ और छात्रावास अधीक्षकों ने भी कलश का पूजन-अर्चन कर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा में नगर के विभिन्न समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। संत रविदास भवन पहुंचने पर संत शिरोमणि रविदास महाराज के चित्र और पवित्र कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर राजेंद्र भावसार, दिनेश भार्गव, मंसाराम शिमले और राजेश सगोरे ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संत रविदास महाराज के समाजहित में किए गए कार्यों, उनके विचारों और जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संत रविदास महाराज ने समाज में समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हुए सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण का कार्य किया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *