![]()
संभल जिले में बिना बारिश के एक कच्चा मकान ढह गया। सोमवार शाम 6 बजे हुई इस घटना में पति-पत्नी समेत परिवार के सात सदस्य बाल-बाल बच गए। हालांकि, मलबे में दबने से दो से तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। यह घटना संभल जनपद की चंदौसी तहसील के बनियाखेड़ा ब्लॉक और कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के आलमपुर कुदैया गांव की है। गांव निवासी याकूब पुत्र फकीर मोहम्मद का मकान अचानक ढह गया। इस दौरान घर में मौजूद परिवार के सात सदस्य सुरक्षित बच निकले, लेकिन लाखों रुपये का घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय याकूब का बड़ा बेटा शाहरुख, उसकी पत्नी मायनूर, बेटियां इरम (5 वर्ष) और हसीन (15 वर्ष), और बहन कासमीन सहित परिवार के कुल सात सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। मकान ढहने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए मलबे के बीच फंसे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मकान ढहने से डबल बेड, संदूक, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत प्रशासक वीर सिंह ने मकान गिरने की सूचना तत्काल ब्लॉक और तहसील प्रशासन को दी। हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी ने लेखपाल विनीत कुमार को घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए भेजा। लेखपाल ने बताया कि हादसे की जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि मकान बिना किसी बारिश या प्राकृतिक आपदा के अचानक ढह गया। शाहरुख ने जानकारी दी कि उनके दहेज का सारा सामान मकान के मलबे में दबकर खराब हो गया है, जिससे लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
Source link
संभल में बिना बारिश कच्चा मकान गिरा:मलबे में दबकर दो लाख का दहेज का घरेलू सामान खराब हुआ, पति-पत्नी सहित सात लोग बाल-बाल बचे
