Headlines

सफाई कर्मचारियों ने निगम कार्यालय को जड़ा ताला:मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल बढ़ाने की चेतावनी, शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर




करनाल में करीब दो सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल और धरना-प्रदर्शन कर रहे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को विरोध जताते हुए निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने दो घंटे तक कार्यालय बंद रखकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई है और कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सरकार के रवैये से नाराज कर्मचारियों ने जताया रोष
नगर पालिका संघ के जिला प्रधान राजकुमार ने कहा कि कर्मचारी सरकार के रवैये से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि 13 मई को सरकार ने उनकी जायज मांगों को मान लिया था, लेकिन अब दोबारा प्रतिनिधिमंडल को बुलाने पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वे मांगों को भूल गए थे। राजकुमार ने कहा कि प्रदेश के शहरों में कूड़े के ढेर लगे हैं और ऐसी स्थिति में सरकार का यह रवैया कर्मचारियों के लिए निराशाजनक है।
उन्होंने कहा कि करनाल को स्मार्ट शहरों की रेस में नंबर एक पर लाने के लिए कर्मचारियों ने मेहनत की थी, लेकिन अब सफाई व्यवस्था का बुरा हाल हो गया है। कर्मचारियों की मुख्य मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना है। यदि सरकार ऐसा नहीं कर सकती तो सभी सफाई कर्मचारियों के लिए 30 हजार रुपए न्यूनतम वेतन की घोषणा करे। पूरे प्रदेश में निगम कार्यालयों पर लगाया ताला
राजकुमार ने बताया कि राज्य कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को पूरे प्रदेश में नगर निगम और नगर पालिका कार्यालयों के बाहर ताला लगाया गया। राज्य कमेटी ने फिलहाल दो घंटे कार्यालय बंद रखने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि यदि आगे पूरा दिन कार्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया तो कर्मचारी उसका भी पालन करेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार जल्द प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर मांगों पर बातचीत नहीं करती और समाधान नहीं करती तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी भी जनता की सेवा करने वाले कर्मचारी हैं और वे नहीं चाहते कि शहर में गंदगी बढ़े या बीमारियां फैलें। नेताओं और निगमायुक्त से सरकार तक बात पहुंचाने की अपील
राजकुमार ने स्थानीय नेताओं और नगर निगम आयुक्त से अपील की कि कर्मचारियों की मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाए, ताकि जल्द समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि कर्मचारी बातचीत के जरिए समस्या का समाधान चाहते हैं।
फिलहाल सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का सीधा असर शहर पर दिखाई दे रहा है। कई जगह कूड़े के ढेर लगे होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। यदि हड़ताल आगे बढ़ती है तो सफाई व्यवस्था और बिगड़ने से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *