![]()
जयपुर में ग्राइंडर ऐप के जरिए युवकों से संपर्क कर उन्हें सुनसान स्थानों पर बुलाकर मारपीट, ब्लैकमेलिंग और लूट करने वाले गिरोह का करधनी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में ग्राइंडर ऐप के माध्यम से युवकों को योजनाबद्ध तरीके से सुनसान स्थानों पर बुलाकर उनके साथ मारपीट, ब्लैकमेलिंग और लूट की घटनाओं की सूचनाएं मिल रही थीं। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। संदिग्धों की गतिविधियों पर रखी निगरानी पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना करधनी के प्रकरण में जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल रूलानिया (21) निवासी रूलानिया की ढाणी, गांव मारौठ, तहसील नावा, थाना मारौठ, जिला कुचामन-डीडवाना और मदन नेहरा (23) निवासी ढाबा वाली ढाणी, ढ्योढ़ी, तहसील किशनगढ़, जयपुर ग्रामीण, थाना फुलेरा के रूप में हुई है। स्विफ्ट कार जब्त पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है। पुलिस अब आरोपियों से गिरोह की अन्य वारदातों और उनके संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा पूर्व में की गई वारदातों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
समलैंगिक डेटिंग ऐप से युवकों को बुलाकर ब्लैकमेलिंग-लूट:ग्राइंडर ऐप के जरिए सुनसान जगह बुलाकर करते थे मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार जब्त
