![]()
समस्तीपुर के दलसिंहसराय में बालू लदे एक ट्रक ने साइकिल सवार इंटर की छात्रा को कुचल दिया। हादसे में साइकिल सवार छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बालू लदे ट्रक को लेकर ड्राइवर फरार हो गया। घटना थाना क्षेत्र के दलसिंहसराय से घटहो मोहिनुद्दीनगर स्टेट हाईवे-88 पर डैनी चौक के पास की है। मृतका की पहचान पांड़ गांव के रहने वाले उमेश महतो की 16 साल की बेटी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के पास स्टेट हाईवे-88 को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोचिंग जाने के दौरान हुआ हादसा स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, अंजली रोज की तरह शनिवार सुबह साइकिल से मंसूरचक रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास एक निजी कोचिंग में पढ़ाई करने जा रही थी। इसी दौरान डैनी चौक के पास बालू लदे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। तीन-चार साल में दर्जन से अधिक लोगों की मौत का दावा सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि डैनी से पांड़ जाने वाली सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन-चार वर्षों में इस सड़क पर सड़क हादसों में दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोग लगातार सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग करते रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं। पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम किया था। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा दिया है। पीड़ित परिवार को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
Source link
समस्तीपुर- कोचिंग जा रही स्टूडेंट को ट्रक ने रौंदा, मौत:बालू लदा ट्रक लेकर ड्राइवर फरार, 3 घंटे तक दलसिंहसराय से मोहिनुद्दीन नगर जाने वाली सड़क जाम
