![]()
सरायकेला में सोमवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने जमशेदपुर के एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चांडिल थाना क्षेत्र में आसनबनी स्थित 10th माइल स्टोन होटल के बाहर हुई। हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक (33) के रूप में हुई है। निखार सबलोक किसी काम से कांदरबेड़ा स्थित 10th माइल स्टोन होटल होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर में भी लगी गोली बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कारोबारी को चार गोलियां मारीं। इनमें एक गोली सिर में लगी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद होटल में मौजूद लोगों और साथियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से घायल कारोबारी को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से खोखा बरामद, CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से गोली के खोखे बरामद किए हैं। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या में शामिल अपराधियों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। रंगदारी के एंगल से भी जांच
निखार सबलोक का होटल समेत अन्य कारोबार से जुड़ा व्यवसाय है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में रंगदारी के विवाद का एंगल भी सामने आया है। हालांकि, हत्या की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Source link
सरायकेला में कारोबारी की गोली मारकर हत्या:बाइक से आए बदमाशों ने की वारदात, होटल से बाहर निकलते ही की फायरिंग
