![]()
भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की चर्चाओं के बीच भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर से अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पंजाब दौरे के दौरान साफ कर दिया कि पार्टी सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बीएल संतोष ने साफ कर दिया कि भाजपा पंजाब में सरकार बनाने की दिशा में काम कर रही है। कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने पटियाला में एक रैली के दौरान कहा कि कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर अपनी तैयारी में जुटे रहें, अकाली दल से कोई गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी पूरे पंजाब में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत कर रही है और हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रही है। पीएम मोदी व सुखबीर बादल की मुलाकात से चली थी गठबंधन की चर्चा कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद अकाली भाजपा गठबंधन की चर्चाएं शुरू हुई। पीएम को मिलने से पहले सुखबीर बादल की हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मुलाकात हुई थी। चर्चा थी कि दोनों पार्टियों में गठबंधन पर सहमति बन गई है और अब सीटों के बंटवारे पर बात होगी। हालांकि दोनों दलों की तरफ से यह कहा गया था कि प्रधानमंत्री ने सुखबीर बादल से डीलिमिटेशन व महिला आरक्षण बिल पर सहयोग मांगा है। अकाली दल कर रहा गठबंधन के दावे भारतीय जनता पार्टी के स्टेट लीडर से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक किसी ने भी गठबंधन होने की बात को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं किया लेकिन अकाली दल के नेता गठबंधन होने के संकेत देते रहे। सांसद हरसिमरत कौर बादल ने तो यहां तक कह दिया था कि जल्दी ही पंजाब के विकास के लिए दिल्ली में समझौते हो सकते हैं। उसके बाद बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी कहा कि वर्कर्स की डिमांड है और पंजाब के लोग भी इस गठबंधन को चाहते हैं। बीएल संतोष दो दिन के पंजाब दौरे पर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष दो दिन के पंजाब दौरे पर हैं। पंजाब दौरे के पहले दिन उन्होंने पटियाला में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उसके बाद उन्होंने बठिंडा में भी एक बैठक की। कल यानी मंगलवार को बीएल संतोष मोगा व लुधियाना में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
Source link
बीएल संतोष बोले- भाजपा-शिअद गठबंधन नहीं होगा:पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़कर सरकार बनाएंगे
