![]()
सांचौर नगर पालिका के 35 वार्डों के आरक्षण को लेकर सोमवार को निकाली गई लॉटरी में मतदाता आंकड़ों में गड़बड़ी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया दोबारा कराई। सुबह हुई लॉटरी में वार्ड संख्या 26 को अनुसूचित जाति (एससी) ओपन के लिए आरक्षित किया गया था। रिकॉर्ड की जांच में आंकड़ों का अंतर सामने आने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे कलेक्ट्रेट सभागार में सभी 35 वार्डों की दोबारा लॉटरी निकाली गई। कलेक्टर प्रदीप गवांडे ने बताया कि वार्ड संख्या 26 के आरक्षण से जुड़े आदेश की जांच के दौरान मतदाताओं के आंकड़ों में अंतर सामने आया। वार्ड में कुल 1033 मतदाता हैं। पहली बार तैयार किए गए रिकॉर्ड में अनुसूचित जाति वर्ग के 463 मतदाता बताए गए थे। इसी आंकड़े के आधार पर प्रतिशत की गणना कर वार्ड 26 को एससी ओपन के लिए आरक्षित किया गया था। अधिवक्ता की आपत्ति के बाद हुई रिकॉर्ड की जांच वार्ड 26 के आरक्षण को लेकर अधिवक्ता बाबूलाल गोदारा ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने सबसे पहले उपखंड अधिकारी के समक्ष शिकायत रखी। वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने जिला कलेक्टर को पूरे मामले की जानकारी देते हुए आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित रिकॉर्ड की जांच कराई। जांच में सामने आया कि वार्ड 26 में अनुसूचित जाति वर्ग के वास्तविक मतदाताओं की संख्या 320 है। कुल 1033 मतदाताओं में यह संख्या करीब 30 प्रतिशत है। आंकड़ों में इस अंतर के सामने आने के बाद पहली लॉटरी में वार्ड को एससी के लिए आरक्षित किए जाने पर सवाल उठे। सांचौर नगर पालिका वार्ड 26 ओबीसी में, वार्ड 16 एससी के लिए आरक्षित रिकॉर्ड की जांच के बाद प्रशासन ने नगर पालिका के सभी 35 वार्डों की आरक्षण लॉटरी दोबारा कराने का निर्णय लिया। दूसरी बार हुई लॉटरी में वार्ड संख्या 26 को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए शामिल किया गया। वहीं, ओबीसी के लिए आरक्षित वार्ड संख्या 16 को अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित किया गया। वार्ड संख्या 16 में कुल 936 मतदाता हैं। इनमें अनुसूचित जाति वर्ग के 450 मतदाता हैं। इसके बावजूद सुबह हुई पहली लॉटरी में वार्ड 16 को ओबीसी के लिए शामिल किया गया था। दूसरी लॉटरी में रिकॉर्ड के आधार पर इसे एससी आरक्षित श्रेणी में रखा गया। बदलाव के बाद प्रशासन ने संशोधित आरक्षण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया। सुबह की खुशी शाम को बदली, कई दावेदारों के समीकरण बिगड़े सुबह हुई पहली लॉटरी में आरक्षित सीटों के साथ महिला, पुरुष और अलग-अलग वर्गों के लिए वार्डों का आरक्षण तय किया गया था। आरक्षण सामने आने के बाद चुनाव की तैयारी कर रहे कई दावेदारों के चेहरे पर खुशी नजर आई। हालांकि, शाम को पूरी प्रक्रिया दोबारा होने के बाद कई वार्डों के समीकरण बदल गए। सुबह पुरुषों के लिए आरक्षित किए गए कुछ वार्ड दूसरी लॉटरी में महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए। इससे सुबह आरक्षण के बाद जश्न मना रहे कई दावेदारों की खुशी कुछ ही घंटों में फीकी पड़ गई और उन्हें नए आरक्षण के अनुसार अपनी चुनावी रणनीति बदलनी पड़ी।
Source link
सांचौर नगर पालिका के 35 वार्डों की लॉटरी दोबारा निकली:वार्ड 26 में गड़बड़ी सामने आई, SC ओपन से OBC की सीट रिजर्व की, देर शाम हुई तस्वीर साफ
