Headlines

साइबर सेल के नाम पर खाते ब्लॉक, ग्राहकों में नाराजगी:मानव विकास जन सेवा समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग




संभल में स्टेट बैंक में साइबर सेल के नाम पर खाताधारकों के खाते ब्लॉक किए जाने की शिकायतों से व्यापारियों और आम खाताधारकों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। इसी समस्या को लेकर शनिवार शाम 5 बजे मानव विकास जन सेवा समिति की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की गई। समिति ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि आए दिन खाताधारकों को यह कहकर उनके खाते ब्लॉक किए जा रहे हैं कि साइबर सेल की ओर से कार्रवाई की गई है। बैंक पहुंचने पर खाताधारकों को खाते ब्लॉक होने का स्पष्ट कारण और समाधान नहीं बताया जाता। इससे जरूरत के समय लोगों की अपनी जमा धनराशि भी फंस जाती है। हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आने का दावा किया गया। 22 सितंबर को मंडी समिति के व्यापारी पुनीत कुमार रस्तोगी का खाता ब्लॉक होने की शिकायत सामने आई। इसके बाद 23 सितंबर को मंडी समिति के ही व्यापारी गुलरेज का खाता भी ब्लॉक होने का मामला सामने आया। वहीं 25 सितंबर को फारुख जमाल एडवोकेट के पुत्र नमीरूल हक का खाता ब्लॉक किए जाने का मामला सामने आया। बताया गया कि वह विदेश में पढ़ाई के लिए जाने वाले हैं और कॉलेज की फीस जमा करने के लिए खाते में करीब छह से सात लाख रुपये रखे गए थे। खाता ब्लॉक होने के बाद परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई। समिति ने प्रशासन से मांग की कि खातों को ब्लॉक किए जाने के मामलों की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि किन खातों पर किस आधार पर कार्रवाई की गई और संबंधित कार्रवाई किस प्राधिकरण के निर्देश पर हुई। साथ ही वैध खाताधारकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में फारुख जमाल, डॉक्टर नाजिम, मोहसिन अली, सफदर हुसैन, महावीर सिंह, कमांडर अली सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *