![]()
डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र की मंगलम विहार कॉलोनी में शनिवार अलसुबह 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने 7 सूने मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने इन मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, हजारों की नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। राखी के त्योहार पर परिवार घरों से बाहर गए हुए थे। सुबह लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। मंगलम विहार निवासी श्रीपाल निनामा के अनुसार राखी के त्योहार के कारण वे और कॉलोनी के छह अन्य परिवार अपने घरों से बाहर थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर सूने मकानों को निशाना बनाया। उन्होंने मुख्य दरवाजों के ताले तोड़े, घरों में प्रवेश किया और अलमारियों व कमरों में रखे सामान को खंगालकर कीमती वस्तुएं चुरा लीं। चोरी हुए सामान में सोने-चांदी के आभूषण और हजारों रुपए की नकदी शामिल है। चोरी गए कुल सामान की कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। परिवारों ने सागवाड़ा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को कितने बदमाशों ने अंजाम दिया और वे किस रास्ते से आए-गए। एक साथ सात मकानों में चोरी की यह घटना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
Source link
सागवाड़ा में 7 सूने घरों में चोरी:चोर लाखों के जेवर और हजारों की नकदी ले गए, राखी पर बाहर गए हुए थे परिवार
