![]()
सिंगापुर में नौकरी और वर्क परमिट दिलाने के नाम पर युवती से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। युवती गलत वीजा पर विदेश चली गई, जहां एयरपोर्ट से उसे वापस भेज दिया गया। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पंजाब निवासी एचएस इमिग्रेशन के संचालक हरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई विजय सिंह कर रहे हैं। लेटर और वीजा के लिए 4.50 लाख रुपए खर्च बताया
पुलिस को दी शिकायत में सुशील कुमार ने बताया- उनकी परिचित एक युवती सिंगापुर वर्क वीजा पर जाना चाहती थीं। इसी दौरान हरप्रीत सिंह ने 15 दिन में वीजा लगवाने का भरोसा दिलाया और जॉब ऑफर लेटर व वीजा के लिए 4.50 लाख रुपए खर्च बताया। इसके बाद आरोपी ने किश्तों में 50 हजार कैश, 12 हजार ऑनलाइन, जनवरी 2024 में अलग-अलग लेन-देन के जरिए सिंगापुर डॉलर और रुपए ले लिए। 8 जनवरी को महिला को वीजा की कॉपी भेजी गई। 21 जनवरी को युवती अमृतसर से सिंगापुर रवाना हुईं। वहां एयरपोर्ट अथॉरिटी ने वीजा में खामियां बताते हुए उन्हें रोक लिया और भारत वापस भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने सही वीजा लगवाने की बात कही। आरोपी लगातार युवती को झांसे देता रहा और पैसे लौटने की बात कही। आखिरकार आरोपी ने वीजा लगवाने और पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने श्रीगंगानगर कोर्ट में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Source link
सिंगापुर में वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लाखों ठगे:युवती को एयरपोर्ट से वापस भारत भेजा, इमिग्रेशन संचालक पर मामला दर्ज
