![]()
शहर के कई वार्डों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से गुस्साए कांग्रेसी पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने मिशन कंपाउंड स्थित अधीक्षण अभियंता (SE) कार्यालय का घेराव किया। सुबह 9 बजे से अगले दिन सुबह 1 बजे तक कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप रही। इसके विरोध में प्रदर्शनकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता सौरभ नाटी शर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग जानबूझकर कुछ इलाकों के ट्रांसफार्मर बंद कर आम जनता को परेशान कर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने विभागीय नियमों का हवाला देते हुए कहा कि बिना सूचना के बिजली कटौती करने पर विभाग को उपभोक्ताओं को प्रति घंटे 100 रुपये मुआवजा देना होता है। लेकिन समय पर बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को भी यह मुआवजा नहीं दिया जाता। उन्होंने साफ किया कि कुछ लोगों द्वारा बिजली बिल का भुगतान न करने की वजह से पूरे इलाके का ट्रांसफार्मर बंद कर देना गलत है। दूसरी ओर, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय अरोड़ा ने इस मामले पर सफाई दी। उन्होंने माना कि बड़े पैमाने पर बिलों का भुगतान न होने के कारण कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि शासन की ‘समाधान योजना’ और सरचार्ज में छूट मिलने के बावजूद कई उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा नहीं किया था। इसी वजह से विभाग को यह कदम उठाना पड़ा। संजय अरोड़ा ने उपभोक्ताओं द्वारा बढ़े हुए बिजली बिल आने के दावों को भी खारिज कर दिया। वहीं, प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने चेतावनी दी है कि यदि अघोषित कटौती और मनमानी तुरंत बंद नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Source link
'सिर्फ कांग्रेसी वार्डों में हो रही बिजली कटौती':कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय घेरा; विभाग ने कहा- बिल जमा नहीं हुए
