![]()
पूर्व विधायक और हरियाणा के पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने टोहाना विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान, बबली ने सीएम के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। उन्होंने विशेष रूप से गांव रसूलपुर में प्रस्तावित गुरु रविदास मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। सीएम ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया बबली ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण से टोहाना सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने सीएम को टोहाना विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी अन्य विकासात्मक आवश्यकताओं और जनहित के लंबित मुद्दों से भी अवगत कराया। इस पर सीएम नायब सिंह सैनी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा सीएम सैनी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक के बाद, देवेंद्र सिंह बबली ने विश्वास व्यक्त किया कि सीएम के सहयोग से टोहाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा, विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। ‘अपने कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को गति दी’ मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री ने बताया कि वह टोहाना के विकास को लेकर समय-समय पर सीएम और अन्य मंत्रियों से मुलाकात करते रहते हैं। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र के विकास के लिए वह हमेशा प्रयासरत रहे हैं और पहले भी अपने कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को गति दी है।
Source link
सीएम सैनी से मिले पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली:टोहाना विकास कार्यों पर चर्चा, मेडिकल कॉलेज निर्माण जल्द शुरू करने का आग्रह
