![]()
जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में हुई धांधली के तार अब कोडरमा से भी जुड़ गए हैं। इस मामले में सीआईडी की टीम गुरुवार देर रात कोडरमा पहुंची और दो युवकों को हिरासत में लेकर रांची ले गई। जानकारी के मुताबिक, सीआईडी ने पहले हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की थी। इसमें कोडरमा के युवकों का उनसे संपर्क होने की बात सामने आई थी। इसके बाद सीआईडी टीम ने देर रात कोडरमा में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सीआईडी टीम ने डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब से राजेश प्रसाद यादव (पिता जगदीश यादव) को उनके घर से पकड़ा। इसके बाद कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर से संदीप कुमार (पिता अवधेश सिंह) को हिरासत में लिया गया। दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि कोडरमा के इन युवकों की परीक्षा में क्या भूमिका थी। सीआईडी उनसे पूछताछ कर रही है। सीआईडी के कोडरमा पहुंचने से जिले में इस मामले की खूब चर्चा हो रही है। हिरासत में लिए गए राजेश यादव एक यूट्यूबर हैं। वहीं, संदीप कुमार सावित्री सुंदर नाम का एक ट्रस्ट चलाते हैं। संदीप मूल रूप से गिरिडीह के राजधानवार के रहने वाले हैं। वह हाल ही में कोडरमा के पूर्णानगर में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि राजेश और संदीप दोस्त भी हैं।
Source link
सीजीएल धांधली मामले में कोडरमा से दो हिरासत में:सीआईडी टीम ने डोमचांच और पूर्णानगर से पकड़ा, पूछताछ के लिए रांची ले गई
