![]()
सीवान में रविवार को राष्ट्रगीत के कथित अपमान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और उनका पुतला दहन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत बजने के समय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आपस में बातचीत करते नजर आए। भाजपा ने इसे राष्ट्रगीत के प्रति असम्मान बताया। हाथों में तख्तियां लेकर निकले कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ता और नेता हाथों में तख्तियां और राहुल गांधी का पुतला लेकर विरोध मार्च में शामिल हुए। मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जेपी चौक पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “राष्ट्रगीत का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” समेत कई नारे लगाए। राष्ट्रगीत के दौरान अनुशासन जरूरी भाजपा नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और सम्मान का अवसर है। ऐसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के दौरान अनुशासन और सम्मान बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा राष्ट्रगीत के दौरान बातचीत करना देश की भावनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति उनकी गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है। संविधान और राष्ट्र के सम्मान को लेकर राहुल पर निशाना भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लगातार संविधान की प्रति हाथ में लेकर उसके संरक्षण की बात करते हैं, लेकिन दूसरी ओर राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के दौरान कथित तौर पर बातचीत करते दिखाई देते हैं। भाजपा नेताओं ने इसे विरोधाभास बताते हुए कहा कि संविधान और राष्ट्र के सम्मान की बात केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया नहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान किसी राजनीतिक दल या विचारधारा का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान वास्तव में बातचीत किस संदर्भ में हुई और उसका उद्देश्य क्या था, इस पर कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। भाजपा ने इस घटना को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और इसे देश के सम्मान से जुड़ा विषय बताया।
Source link
सीवान में BJP का विरोध मार्च:राहुल गांधी का पुतला फूंका, ‘वंदे मातरम्’ के दौरान बातचीत का आरोप, कांग्रेस से जवाब की मांग
