Headlines

सुरक्षा में सेंध…:सुधार गृह के गार्ड को पीटकर 7 बाल अपचारी भागे, 15 किमी दूर से पकड़ाए




विरियाखेड़ी के सरकारी बाल सुधार गृह में चैनल गेट के पास सो रहे होमगार्ड पर शनिवार रात 1 बजे 7 नाबालिगों ने जानलेवा हमला कर दिया। गार्ड को पाइप व लात-घूंसों से जमकर पीटा और चादर का टुकड़ा गले में डालकर गला दबाने का प्रयास किया। गार्ड जब पूरी तरह निढाल हो गया तो उसकी पेंट की जेब से चाबी निकालकर चैनल गेट और मेनगेट का ताला खोलकर भाग निकले। पास में ही स्थित रेलवे ट्रैक से होते हुए ये रेलवे स्टेशन पहुंचे, लेकिन तत्काल ट्रेन न मिलने से ये ट्रैक पर होकर भागे। पुलिस ने सुबह 9 बजे इन नाबालिगों को 15 किमी दूर नामली के पास रेलवे ट्रैक पर घेरा तो 6 पकड़ में आ गए, लेकिन एक भाग निकला। जिसे देर शाम उज्जैन से पकड़ लिया गया। शनिवार रात 1 बजे बाल सुधार गृह के कमरों में 22 बाल अपचारी बंद थे, उसके पास वाले हिस्से में एक चौकीदार कैलाश शर्मा तैनात था। यहां बंद 7 नाबालिगों ने पहले जाली वाला गेट बाहर से बंद कर चौकीदार को अंदर घेर दिया और चैनल गेट के पास सो रहे गार्ड चंद्रकांत शर्मा के साथ जमकर मारपीट की। चंद्रकांत ने बताया कि रात 1 बजे बैरक में हलचल सुनाई दी तो मैंने वहां जाकर चेक किया, लेकिन कोई नहीं दिखा। फिर मैं आकर पलंग पर सो गया। थोड़ी देर बाद ही मुझ पर हमला हो गया। 2 एनडीपीएस, 2 हत्या, 1 दुष्कर्म, 1 जानलेवा हमले का आरोपी भागने वाले 2 नाबालिग मंदसौर के हैं और एनडीपीएस केस के आरोपी हैं। इनके पास से एमडी ड्रग्स पकड़ी गई थी। इनमें एक 16 और दूसरा 17 साल का है। वहीं एक नीमच का जानलेवा हमले का आरोपी है और 17 साल का है। चार रतलाम जिले के हैं, जिनमें 17 साल का मास्टरमाइंड घर में घुसकर मारपीट करने, दूसरा 17 साल का हत्या और दुष्कर्म का, तीसरा 16 साल का हत्या का और चौथा 16 साल का दुष्कर्म का आरोपी है। मास्टरमाइंड उज्जैन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार : पहले पकड़े गए 6 नाबालिगों ने बताया कि रतलाम का जो नाबालिग (17) फरार है, वही भागने की साजिश का मास्टरमाइंड है। उसी ने पास वाले कमरे की सांकल खोली और सभी को भागने के लिए कहा। उसी ने गार्ड पर हमला करने के लिए उकसाया। इन्होंने पुलिस को बताया कि मास्टरमाइंड ने उज्जैन में अपने दोस्त को कॉल किया था। इस पर पुलिस ने उसके दोस्त के नंबर की ट्रैकिंग की और उसे पकड़ लिया। पंद्रह दिन पहले ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने इसे घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *