![]()
सीकर स्थित देवगढ़ किले की दीवार से एक युवक सेल्फी लेते समय नीचे गिर गया। युवक गंभीर घायल अवस्था में 40 फीट गहरी खाई में मिला। युवक को गंभीर घायल अवस्था में सीकर के एसके अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। गोकुलपुरा पुलिस थाने के ASI रामकुमार ने बताया- यह घटना देवगढ़ किले की है। गोकुलपुरा का ही रहने वाला युवक भूमिक जांगिड़ (20) पुत्र सुभाष जांगिड़ शुक्रवार शाम को दो दोस्तों के साथ बाइक लेकर देवगढ़ गया था। जिन्होंने बाइक को तो नीचे ही खड़ा कर दिया और फिर तीनों ऊपर चले गए। भूमिक किले की दीवार पर चढ़कर सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह नीचे 40 फीट गहरी खाई में जा गिरा। मौके पर मौजूद उसके दो दोस्तों ने इसकी सूचना वहां घूमने के लिए आए लोगों को दी। जिन्होंने इस बारे में 112 पर सूचना दी। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने आधे घंटे में पहाड़ की चढ़ाई की और फिर 40 फीट गहरी खाई में गंभीर हालत में पड़े युवक को कंधों पर लादकर नीचे लेकर आए। इसके बाद उसे एंबुलेंस के जरिए सीकर के एसके अस्पताल में एडमिट करवाया गया। जहां पर उसका इलाज जारी है। ASI रामकुमार ने बताया कि भूमिक का एक पैर फ्रैक्चर हो गया। सिर में और शरीर पर जगह-जगह चोट आई है। भूमिक के पिता विदेश में नौकरी करते हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है। बता दें कि देवगढ़ किले पर जाने का कोई रास्ता नहीं है। कच्ची पगडंडी या फिर पहाड़ चढ़कर देवगढ़ किले पर जाना पड़ता है। वहां मोबाइल नेटवर्क भी नहीं है। ग्रामीणों की मांग है कि किले के पास पुलिस तैनात की जाए। जिससे कि लोग शाम के समय किले पर न जाए और ऐसे हादसे नहीं हो।
Source link
सेल्फी लेते देवगढ़ किले से गिरा युवक, मौत:40 फीट गहरी खाई में मिला, दोस्तों के साथ घूमने गया था
