सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर दर्ज एफआईआर की जांच एक साल बाद भी पूरी न होने पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर मामले में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस शालिनी सिंह नागपाल की बेंच के समक्ष याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि एफआईआर को एक साल बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने न तो जांच पूरी की और न ही चालान पेश किया। छात्र ने एक तय सीमा में जांच पूरी करने की गुहार लगाई है।सरकार द्वारा समय मांगे जाने पर हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई 15 सितंबर को सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। छात्र गगनदीप पर दर्ज किया था मामला पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की शिकायत पर 2 अगस्त 2025 को बटाला के कोटली सूरत मल्ही थाने में 25 वर्षीय छात्र गगनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि गगनदीप ने सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। गगनदीप का कहना है कि उसने वे टिप्पणियां तुरंत हटा दी थीं, लेकिन फिर भी पुलिस पिछले एक साल से जांच लटकाए हुए है।
Source link
सोशल मीडिया टिप्पणी:जांच में देरी पर हाईकोर्ट ने सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी
