![]()
हरियाणा के हांसी में पहले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के दौरान प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण लगभग 750 स्कूली बच्चों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। अनाज मंडी में सांस्कृतिक कार्यक्रम और मास पीटी की अंतिम रिहर्सल के लिए सुबह 7:45 बजे से जुटे कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें अभिभावकों के साथ घर भेजना पड़ा। इस वर्ष मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हांसी में तिरंगा फहराएंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए परेड और अन्य कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय में आयोजित किए जाएंगे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम और मास पीटी अनाज मंडी के शेड में रखे गए हैं। मंडी के शेड के चारों ओर दुकानें होने के कारण गर्मी और उमस अधिक थी। बच्चों के लिए पंखे-कूलर नहीं लगाए आरोप है कि बच्चों के लिए कोई पंखे या कूलर नहीं लगाए गए थे। वहीं, मंडी में बने मंच पर चार बड़े कूलर लगाए गए थे, जिनकी हवा मंच पर बैठे प्रिंसिपल, टीचरों और अधिकारियों को मिल रही थी। सामने घंटों से बैठे छोटे बच्चे गर्मी से बेहाल दिखाई दिए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की वेशभूषा में तैयार बच्चे पसीने से तर-बतर नजर आए। दो दिनों से बच्चे कर रहे रिहर्सल एक टीचर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पिछले दो दिनों से रिहर्सल के लिए बच्चों को लाया जा रहा है और कई बच्चों की तबीयत खराब हो चुकी है। बच्चों की परेशानी की सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश खोथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर टीचर व प्रिंसिपलों को फटकार लगाई और कहा कि मंडी की व्यवस्था सीटीएम के जिम्मे है। तबीयत बिगड़ने पर दिया ORS उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने भी मामले की जानकारी होने की बात कही। सीटीएम हिमांशु चौहान ने बताया कि मौके पर दो एम्बुलेंस खड़ी हैं और तबीयत खराब होने वाले बच्चों को ओआरएस दिया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही अतिरिक्त कूलर और पंखे लगाने का आश्वासन दिया।
Source link
स्वतंत्रता दिवस रिहर्सल के दौरान 750 बच्चे गर्मी से बेहाल:हांसी में कई छात्रों की बिगड़ी तबीयत; एसडीएम ने टीचरों को लगाई फटकार
