Headlines

हजारीबाग में विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, पति गिरफ्तार:मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, कहा-अक्सर करता था पति मारपीट




हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के सलगावां गांव में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान फूल कुमारी (27) के रूप में हुई है। वह बड़कागांव प्रखंड के तलसवार गांव निवासी नारायण साव की पुत्री थीं। वर्ष 2018 में उनकी शादी सलगावां निवासी विकास कुमार साव से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। प्रताड़ना को हत्या का कारण बताया मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति विकास कुमार साव नशे का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। परिजनों का यह भी कहना है कि उसने घर के जेवरात तक बेच दिए थे और लगातार प्रताड़ित करता था। परिजनों ने इसी प्रताड़ना को हत्या का कारण बताया है। मृतका की मां चैती देवी ने कटकमदाग थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का गला दबाकर हत्या की गई है। चैती देवी ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मुख्य आरोपी पति विकास कुमार साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने पर यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *