![]()
हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के टोडरपुर-उमरौली मार्ग पर सराह खास नहर पुल के पास सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान उमरौली गांव निवासी अनुराग (25) पुत्र श्रीप्रकाश के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अनुराग की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। सोमवार को वह बाइक से कहीं जा रहा था, तभी सराह खास नहर पुल के पास हादसा हो गया। तेज रफ्तार में हुई टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक सवार तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक थाना मझिला क्षेत्र के डवहा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह सकाहा मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद घर लौट रहा था। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घायल को अस्पताल में कराया भर्ती दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टोडरपुर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना पर बेहटा गोकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थानाध्यक्ष मार्कंडेय सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Source link
हरदोई में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत:युवक की मौत, साथी गंभीर; 4 माह पहले हुई थी शादी
