![]()
हरियाणा में मानसूनी हवाओं के सक्रिय होते ही बारिश की गतिविधियों में तेजी आ गई है। मंगलवार को दिनभर हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।मौसम विभाग ने आज राज्य के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए यलो अलर्ट घोषित किया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश अंबाला में 94.6 मिलीमीटर और गुरुग्राम में 78.5 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके बाद हिसार के बालसमंद में 47 mm और नारनौल में 22 mm पानी बरसा है। आज हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रोहतक, झज्जर, जींद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, सिरसा और फतेहाबाद में मध्यम से हल्की बारिश हो सकती है। बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ा यमुना के कैचमेंट एरिया (उत्तराखंड-हिमाचल) में भारी बारिश के बाद यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर तेजी से बढ़ गया। मंगलवार तक नदी का जलस्तर 79,620 क्यूसेक से ऊपर पहुंच गया। इसके बाद बैराज के 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। यह पानी 48 घंटे में दिल्ली पहुंच जाएगा। हरियाणा में कल हुई बारिश की तस्वीरें… जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… अधिकतम तापमान में 4.7°C की गिरावट : लगातार बारिश और घने बादलों के कारण हरियाणा में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4°C नीचे गिर गया है, जबकि कल के मुकाबले इसमें 4.7°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 35.0°C दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद में 33.8°C, रोहतक में 31.6°C, हिसार में 30.5°C और अंबाला में 29.5°C पारा रहा। नारनौल की रात रही सबसे ठंडी : प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान में 1°C की मामूली गिरावट देखी गई, जो कि सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 24.0°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अंबाला में 24.4°C, भिवानी में 25.0°C, गुरुग्राम में 26.8°C, हिसार में 26.9°C और करनाल में 27.3°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। ठंडी मानसूनी हवाओं से रात के समय मौसम सुहावना बना हुआ है।
Source link
हरियाणा के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट:24 घंटे में अंबाला और गुरुग्राम में हुई भारी बरसात; दिन का पारा 4.7 डिग्री गिरा
