Headlines

हांसी में एक्सीडेंट में इकलौते बेटे की मौत:साथी घायल; गाड़ी ने मारी बाइक को टक्कर, 11 माह पहले बना जुड़वा बेटों का पिता




हांसी में बल्हारा ऑटो एजेंसी के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजन के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक की पहचान छोटूराम कालोनी, हांसी निवासी संजीत पंघाल और घायल की पहचान वीरेंद्र के रूप में हुई है। यह हादसा सोमवार दोपहर बाद हुआ था। माजरा प्याऊ निवासी लोकेश ने पुलिस को बताया कि उनके ताऊ का बेटा संजीत पंघाल अपने साथी वीरेंद्र के साथ मोटरसाइकिल पर बाजार की ओर जा रहा था। सड़क पर गिरकर घायल हुए दोनों साथी दोनों जाट धर्मशाला से अंबेडकर चौक की तरफ जा रहे थे, तभी बल्हारा ऑटो एजेंसी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सिविल अस्पताल हांसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। परिजन दोनों को आधार अस्पताल हिसार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने संजीत पंघाल को मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र का उपचार अभी जारी है। मृतक करता था ठेकेदारी संजीत पंघाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और ठेकेदारी का काम करता था। परिजनों के अनुसार, करीब 11 माह पहले ही उसके घर जुड़वा बेटों का जन्म हुआ था। संजीत एक बेटी और दो बेटों का पिता था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे की जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *